Chatra Crime News: खाकी की बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक, 9 लाख रुपये के ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गिद्धौर थाना पुलिस ने जपुआ मैदान में छापेमारी कर दीपक कुमार नाम के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 9 लाख रुपये मूल्य की 44 ग्राम प्रतिबंधित ब्राउन शुगर और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 June 2026, 5:43 PM IST

Jharkhand : चतरा में खाखी के सख्ती का असर दिखने लगा है। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर नशा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे स्पेशल ड्राइव के दौरान गिद्धौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब नौ लाख रुपये के नशे के प्रतिबंधित खेप के साथ एक तस्कर को पुलिस नें दबोचा है।

गुप्त सूचना पर जपुआ मैदान में छापेमारी

डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर गिद्धौर थाना क्षेत्र के जपुआ मैदान में छापेमारी कर प्रतिबंधित मादक पदार्थ ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि जपुआ मैदान के समीप प्रतिबंधित ब्राउन सुगर की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना के बाद अंचल अधिकारी गिद्धौर अनंत शयनम विश्वकर्मा एवं थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री के संयुक्त नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जपुआ निवासी दीपक कुमार को गिरफ्तार किया है।

व्हाट्सएप चैट से खुलेंगे नशा नेटवर्क के राज

डीएसपी मुख्यालय नें बताया कि गिरफ्तार तस्कर के पास से करीब 44 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब नौ लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्कर के पास से एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जांच के दौरान मोबाइल से मिले व्हाट्सएप चैट और फोटो के प्रिंट आउट को भी साक्ष्य के रूप में संकलित किया गया है।

Jharkhand Bikes Theft: चाईबासा और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो गिरफ्तार, 20 बाइक बरामद

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

डीएसपी ने बताया कि मामले में गिद्धौर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। डीएसपी मुख्यालय ने कहा कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

नशा तस्करों को चतरा पुलिस की खुली चेतावनी

उन्होंने नशा तस्करों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति नशे के कारोबार में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। चतरा पुलिस किसी भी सूरत में ऐसे अपराधियों को बख्शने वाली नहीं है। छापेमारी दल में अंचल अधिकारी अनंत शयनम विश्वकर्मा, थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री तथा गिद्धौर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Location :  Jharkhand

Published :  2 June 2026, 5:43 PM IST