Chatra Police action: बस पकड़ने की तैयारी में था अफीम तस्कर, घेराबंदी कर पुलिस ने एन वक्त पर बिगाड़ा खेल, जानें पूरा मामला

झारखंड के चतरा में पुलिस ने 25 लाख रुपये मूल्य की 4 किलो अफीम के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी अफीम का वजन बढ़ाने के लिए उसमें गुड़ मिलाने की फिराक में था। जानिए पुलिस ने कैसे खदेड़कर दबोचा।

Updated : 17 May 2026, 3:25 PM IST

Chatra New: झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने अफीम तस्करों के सिंडिकेट पर एक और बड़ा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक (SP) अनिमेश नैथानी के निर्देश पर सिमरिया एसडीपीओ (SDPO) के नेतृत्व में गिद्धौर थाना पुलिस ने चतरा-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर जाल बिछाकर एक शातिर अफीम तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर के पास से अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 25 लाख रुपये मूल्य की अवैध अफीम बरामद की गई है।

इस पूरी कार्रवाई में दिलचस्प बात यह रही कि आरोपी के पास से पुलिस को 2 किलोग्राम गुड़ जैसा पदार्थ भी मिला है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि वह इस गुड़ को अफीम में मिलाकर उसका वजन बढ़ाने और ज्यादा मुनाफा कमाने की फिराक में था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के जपुआ गांव निवासी रामचरण दांगी उर्फ रामचंद्र दांगी के रूप में हुई है।

पुलिस को देख झाड़ियों की तरफ भागा, खदेड़कर दबोचा

समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मामले का खुलासा करते हुए चतरा एसपी अनिमेश नैथानी ने बताया कि पुलिस को एक बेहद गोपनीय और सटीक इनपुट मिला था। सूचना थी कि जपुआ गांव का एक व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ लेकर चतरा-हजारीबाग मुख्य सड़क पर किसी बस का इंतजार कर रहा है, ताकि वह इसे लेकर हजारीबाग की ओर जा सके।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में एक त्वरित छापेमारी दल  का गठन किया गया। पुलिस टीम जब जपुआ गांव के पास चतरा-हजारीबाग मार्ग पर पहुंची, तो सड़क किनारे एक संदिग्ध व्यक्ति थैला लिए खड़ा दिखा। पुलिस बल को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया और सड़क से नीचे उतरकर झाड़ियों की तरफ दौड़ लगा दी। हालांकि, अलर्ट पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए उसे खदेड़कर दबोच लिया।

NH 34 Road Accident: कानपुर से निकले थे दर्शन करने, हमीरपुर में हुए भीषण एक्सीडेंट ने छीनीं 4 सांसें

थैले से मिली 4 किलो अफीम और स्मार्टफोन

जब पुलिस ने पकड़े गए आरोपी रामचरण दांगी और उसके थैले की विधिवत तलाशी ली, तो उसके अंदर से तीन अलग-अलग प्लास्टिक के पैकेट बरामद हुए। सघन जांच और तौल के बाद स्पष्ट हुआ कि बरामद पैकेटों में करीब 4 किलोग्राम अवैध अफीम थी। इसके साथ ही आरोपी के पास से एक स्मार्टफोन और वजन बढ़ाने के लिए रखा गया 2 किलो गुड़ भी जब्त किया गया।

पुलिस ने तत्काल प्रभाव से अफीम और मोबाइल फोन को सीज कर दिया है। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत गिद्धौर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस सफल छापेमारी अभियान में एसडीपीओ के अलावा पुलिस निरीक्षक बिपिन कुमार, गिद्धौर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री और एएसआई अशोक कुमार पांडेय मुख्य रूप से शामिल थे।

बस्ती में घेराबंदी देखते ही गोवंश तस्कर ने निकाला तमंचा, फिर चली गोलियां, जवाबी कार्रवाई में…

"नशे के सौदागर सुधर जाएं, वरना जेल जाएंगे" - एसपी अनिमेश नैथानी

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चतरा एसपी ने तस्करों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध नशीले पदार्थों के विरुद्ध चतरा पुलिस का यह अभियान आगे भी पूरी आक्रामकता के साथ जारी रहेगा।

"चतरा जिले में अवैध अफीम की खेती, तस्करी या इसकी बिक्री को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो लोग इस काले धंधे में संलिप्त हैं, वे तुरंत इससे तौबा कर लें, अन्यथा उनके खिलाफ ऐसी कठोर कानूनी कार्रवाई होगी कि वे संभल नहीं पाएंगे। समाज और युवाओं को नशे के जाल से बचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।" - अनिमेश नैथानी, एसपी, चतरा

एसपी ने आम जनता से भी अपील की है कि वे अपने आस-पास हो रही अफीम की तस्करी या नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस से साझा करें। सूचना देने वाले नागरिक की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।

Location :  Chatra

Published :  17 May 2026, 3:14 PM IST