पेपर लीक नेटवर्क पर CBI की सर्जिकल स्ट्राइक, भर्ती घोटाले में दो गिरफ्तार

रेलवे भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो निजी व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह लोग परीक्षा से पहले ही पेपर लीक कराने और उसे उम्मीदवारों तक पहुंचाने की साजिश में शामिल थे। मामले में आगे की जांच जारी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 4 July 2026, 8:38 PM IST
google-preferred

New Delhi : सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के बीच एक बार फिर हड़कंप मचाने वाला मामला सामने आया है। रेलवे भर्ती परीक्षा से जुड़े पेपर लीक केस में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी 3 जुलाई को बेंगलुरु में की गई। जिससे पूरे सिस्टम में चल रहे एक बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की बात सामने आ रही है।

कैसे सामने आया पूरा मामला

सीबीआई के मुताबिक यह पूरा मामला जनरल डिपार्टमेंटल कंपटीटिव एग्जामिनेशन 2022 से जुड़ा है, जो रेलवे में भर्ती के लिए आयोजित किया गया था। जांच एजेंसी का आरोप है कि कुछ लोगों ने मिलकर परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक करने और उसे पहले से चुनिंदा उम्मीदवारों तक पहुंचाने की साजिश रची थी। इसके बदले में मोटी रकम वसूली जा रही थी।

CBI की दबिश और बरामदगी

जांच के दौरान सीबीआई ने दोनों आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कई अहम दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, स्कैनर और प्रिंटर बरामद किए गए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन उपकरणों का इस्तेमाल पेपर को कॉपी करने और उसे आगे भेजने में किया जा रहा था। एजेंसी का कहना है कि यह एक संगठित साजिश थी, जिसमें कई लोग शामिल हो सकते हैं।

यूपी पुलिस को सलाम: कार हादसे के बाद भी नहीं छूटने दी TET परीक्षा, सूझबूझ से छात्रा को भिजवाया लखनऊ; जानें पूरी कहानी

कोर्ट में पेशी और रिमांड

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को बेंगलुरु की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया गया है। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एजेंसी को आगे की पूछताछ और जांच की अनुमति दी है।

आगे की जांच जारी

सीबीआई ने साफ किया है कि यह जांच अभी शुरुआती चरण में है। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और पेपर लीक का पूरा नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है। संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Location :  New Delhi

Published :  4 July 2026, 8:35 PM IST

Advertisement