BRICS Summit 2026: दिल्ली में 35 सड़कें प्रभावित, 22 जगह डायवर्जन; एयरपोर्ट-स्टेशन जाने वालों के लिए एडवाइजरी

BRICS Summit 2026 के चलते दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 22 डायवर्जन प्वॉइंट और कई नियंत्रित सड़कों की जानकारी दी है। एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय रखने और मेट्रो सहित सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 September 2026, 12:20 PM IST

New Delhi: BRICS Summit 2026 के चलते दिल्ली में अगले तीन दिनों तक ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव रहेगा। भारत मंडपम में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। VVIP और विदेशी मेहमानों की आवाजाही के दौरान नई दिल्ली समेत कई प्रमुख इलाकों में यातायात नियंत्रित किया जाएगा।

22 जगहों पर डायवर्जन

ट्रैफिक पुलिस ने करीब 22 प्रमुख डायवर्जन प्वॉइंट चिन्हित किए हैं। इनमें डब्ल्यू-प्वॉइंट, राम चरण अग्रवाल चौक, मीर दर्द चौक, कनॉट प्लेस, पटेल चौक, आरएमएल अस्पताल, धौला कुआं, मोती बाग, लोधी रोड, नीला गुंबद, ओबेरॉय फ्लाईओवर और मंडी हाउस जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं।

इन प्वॉइंट्स पर जरूरत के अनुसार वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपना रूट जांच लें और नियंत्रित मार्गों पर जाने से बचें।

इन सड़कों पर रहेगी पाबंदी

BRICS Summit के दौरान मथुरा रोड, जनपथ, अशोक रोड, तुगलक रोड, फिरोज शाह रोड, शांति पथ, सरदार पटेल मार्ग, तिलक मार्ग, अकबर रोड, कर्तव्य पथ, पुराना किला रोड, सफदरजंग रोड और न्याय मार्ग समेत कई प्रमुख सड़कों पर यातायात नियंत्रण रहेगा।

VVIP काफिलों की आवाजाही के समय इन मार्गों पर अस्थायी रूप से डायवर्जन भी लागू किया जा सकता है। नियंत्रित मार्गों के 200 मीटर के दायरे में सड़क किनारे पार्किंग पर भी रोक रहेगी।

BRICS Summit 2026: दिल्ली में जुटेंगे 11 देश, क्या बदलने वाला है दुनिया के व्यापार का खेल? 20 साल बाद सबसे बड़ा इम्तिहान

एयरपोर्ट जाने वालों के लिए खास सलाह

दिल्ली एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को ट्रैफिक पुलिस ने अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी है। यात्रियों के लिए Airport Express Line समेत मेट्रो को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है।

गुरुग्राम से एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए NH-48, राव गजराज सिंह मार्ग और UER-II जैसे वैकल्पिक रास्ते सुझाए गए हैं। द्वारका, पश्चिमी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली से एयरपोर्ट जाने वालों के लिए भी अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

BRICS Summit 2026: एक मंच पर ट्रंप और शी जिनपिंग, दिल्ली में जुटेंगे दुनिया के बड़े चेहरे

रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए भी रूट प्लान

नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग बताए गए हैं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के लिए कश्मीरी गेट, रानी झांसी मार्ग, पंचकुइयां रोड और कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल से होकर जाने वाले रास्ते सुझाए गए हैं।

वहीं हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के लिए एम्स, रिंग रोड, आश्रम चौक और मथुरा रोड का इस्तेमाल किया जा सकता है।

BRICS Summit 2026: 11 से 13 सितंबर तक राजधानी की सीमाएं सील, कमर्शियल वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित

बस और टैक्सी यात्रियों के लिए निर्देश

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, मेट्रो सेवाएं सभी स्टेशनों पर उपलब्ध रहेंगी। VVIP मूवमेंट के दौरान बसों और टैक्सियों के रूट में जरूरत के अनुसार बदलाव किया जा सकता है। लोगों से अधिकृत पार्किंग का इस्तेमाल करने और मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

आपातकालीन और चिकित्सा वाहनों की आवाजाही को प्राथमिकता दी जाएगी। गैर-दिल्ली व्यावसायिक वाहनों को दिल्ली में प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।

यात्रियों को सलाह है कि 11 से 13 सितंबर के दौरान नई दिल्ली जाने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देखें और संभव हो तो सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें।

Location :  New Delhi

Published :  10 September 2026, 12:20 PM IST