बुजुर्ग शरीर, मजबूत हौसला: 89 साल के अन्ना हजारे की तबीयत पर बड़ा अपडेट

सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे की तबीयत को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मुंबई के बॉम्बे अस्पताल में भर्ती 89 वर्षीय अन्ना हजारे की सेहत में सुधार हो रहा है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और उन्होंने सामान्य भोजन लेना शुरू कर दिया है। जानिए अन्ना हजारे के स्वास्थ्य से जुड़ी पूरी जानकारी...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 2 September 2026, 2:06 PM IST
google-preferred

Maharashtra News: सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे की तबीयत को लेकर राहत की खबर सामने आई है। मुंबई के बॉम्बे अस्पताल में भर्ती 89 वर्षीय अन्ना हजारे की सेहत में अब सुधार हो रहा है। डॉक्टरों की सलाह के बाद उन्होंने सामान्य भोजन लेना भी शुरू कर दिया है। फिलहाल डॉक्टरों ने उन्हें दो दिन और अस्पताल में निगरानी में रखने का फैसला किया है।

डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया हालत में सुधार

अन्ना हजारे के करीबी सहयोगी ने बुधवार को जानकारी दी कि डॉक्टरों ने उनकी कई जांच की हैं। जांच के बाद उनकी स्थिति में सुधार पाया गया है। अब वह ठीक से खाना खा रहे हैं और अस्पताल में उनकी लगातार निगरानी की जा रही है। अन्ना हजारे को पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही उनके गांव रालेगण सिद्धि ले जाया जाएगा। परिवार और उनके करीबी चाहते हैं कि अस्पताल से छुट्टी मिलने से पहले उनकी सेहत पूरी तरह सामान्य हो जाए।

किडनी संक्रमण के कारण मुंबई लाया गया था

अन्ना हजारे को सोमवार रात मुंबई के बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उनकी ब्लड रिपोर्ट में किडनी संक्रमण के संकेत मिले थे। संक्रमण के इलाज के लिए उन्हें महाराष्ट्र के रालेगण सिद्धि गांव से मुंबई लाया गया। इससे पहले उनका इलाज अहिल्यानगर के एक अस्पताल में चल रहा था। पिछले सप्ताह उन्हें वहां भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार के बावजूद किडनी संक्रमण सामने आने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुंबई शिफ्ट किया गया।

डॉक्टरों ने बताई थी स्थिति स्थिर

बॉम्बे अस्पताल के कंसल्टेंट फिजिशियन डॉ. गौतम भंसाली ने मंगलवार को अन्ना हजारे की स्थिति स्थिर बताई थी। उन्होंने कहा था कि अन्ना हजारे इलाज के बाद धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री फडणवीस भी पहुंचे थे अस्पताल

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार शाम बॉम्बे अस्पताल पहुंचकर अन्ना हजारे से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इससे पहले जल संसाधन मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल भी अस्पताल पहुंचकर उनका हाल जान चुके हैं।

भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलनों से बनाई पहचान

अन्ना हजारे लंबे समय से सामाजिक आंदोलनों का प्रमुख चेहरा रहे हैं। पूर्व सैनिक से सामाजिक कार्यकर्ता बने अन्ना हजारे ने ग्रामीण विकास, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ कई बड़े आंदोलनों का नेतृत्व किया है। उन्हें भारत सरकार द्वारा पद्म भूषण सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है।

Location :  Maharashtra

Published :  2 September 2026, 2:06 PM IST

Related News

Advertisement