‘पैसे और ताकत के दम पर बेटियों पर अत्याचार’: विनेश फोगाट का भाजपा और बृजभूषण पर तीखा हमला

कांग्रेस विधायक और स्टार पहलवान विनेश फोगाट ने पूर्व डब्ल्यूएफआई प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह को 'गुंडा और अपराधी' बताते हुए भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोला है। जींद में उन्होंने कहा कि पैसे और ताकत के दम पर लड़कियों का उत्पीड़न किया जाता है और भाजपा ऐसे लोगों को संरक्षण दे रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 August 2026, 9:34 AM IST

New Delhi: हरियाणा की जुलाना विधानसभा सीट से विधायक विनेश फोगाट ने जींद में एक राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान पूर्व डब्ल्यूएफआई (WFI) अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर तीखा जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा कि बृजभूषण जैसे व्यक्ति को समाज या राजनीति में किसी तरह का सम्मान नहीं दिया जाना चाहिए।

बृजभूषण को बताया अपराधी और संपत्ति पर उठाए सवाल

विनेश ने उत्तर प्रदेश के गोंडा इलाके का विशेष जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां आम लोगों को डराया-धमकाया गया और जमीनों पर अवैध कब्जे किए गए। उन्होंने बृजभूषण के धन के स्रोतों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि उनके पास हेलीकॉप्टर से उड़ने और अथा संपत्ति जुटाने का पैसा कहां से आया? विनेश ने स्पष्ट किया कि महिला पहलवानों के न्याय की यह लड़ाई सुप्रीम कोर्ट तक लड़ी जाएगी।

यह भी पढ़ें: ‘लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई’, बृजभूषण शरण सिंह के बरी होने पर विनेश फोगाट ने सिस्टम पर उठाए गंभीर सवाल

BJP पर निशाना और 2023 के आंदोलन की यादें

विनेश ने आरोप लगाया कि पैसे और सत्ता के अहंकार में बेटियों के साथ अत्याचार किया जाता है और भाजपा ऐसे लोगों का खुलकर समर्थन कर रही है। उन्होंने 2023 में दिल्ली के जंतर-मंतर पर साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया के साथ हुए ऐतिहासिक पहलवान आंदोलन का जिक्र किया।

"तीन साल पहले दिल्ली पुलिस ने हमारे साथ जैसा दुर्व्यवहार किया था, ठीक वैसा ही रवैया आज भी जंतर-मंतर पर अपने हक की मांग कर रही देश की बेटियों के साथ देखने को मिल रहा है।"

यह भी पढ़ें: गोंडा से वापस लौटीं विनेश फोगाट, राष्ट्रीय ओपन कुश्ती चैंपियनशिप में नहीं हो सका रजिस्ट्रेशन

राष्ट्रवाद और आरएसएस पर विनेश का बड़ा बयान

भाजपा की राष्ट्रवाद और देशभक्ति की राजनीति पर हमला बोलते हुए विनेश ने कहा कि सत्ताधारी दल को कांग्रेस को आजादी और देशभक्ति का पाठ पढ़ाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालयों में दशकों तक तिरंगा नहीं फहराया गया, जबकि आज वही लोग राजनीतिक लाभ के लिए 'तिरंगा यात्राएं' निकाल रहे हैं। उन्होंने चिंता जताई कि ऐसे दिखावटी आयोजनों से राष्ट्रीय ध्वज का अनादर होता है और वह सड़कों पर लोगों के पैरों में दिखता है।

Location :  New Delhi

Published :  19 August 2026, 9:34 AM IST