
महिला हवलदार भूख हड़ताल(Source: Google)
Angul: ओडिशा के अनुगुल जिले में पुलिस विभाग की कार्यशैली उस वक्त सवालों के घेरे में आ गई, जब एक महिला हवलदार सुमित्रा बिस्वाल को न्याय के लिए अपने ही विभाग के खिलाफ भूख हड़ताल पर बैठना पड़ा। करीब एक महीने पहले दर्ज कराई गई शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई न होने से नाराज महिला पुलिसकर्मी ने एसपी कार्यालय के सामने मोर्चा खोल दिया, जिससे पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई।
सूत्रों के अनुसार, हवलदार सुमित्रा बिस्वाल ने 30 मार्च 2026 को रिजर्व इंस्पेक्टर गोबिंद महारी और फोर्स सेक्शन ऑफिसर शुभकांत साहू के खिलाफ प्रताड़ना की लिखित शिकायत दी थी। कार्रवाई न होते देख उन्होंने उसी दिन इस्तीफा भी दे दिया था।
हालांकि, एसपी राहुल जैन ने एक वरिष्ठ महिला डीएसपी के नेतृत्व में जांच टीम तो गठित की, लेकिन हवलदार का आरोप है कि एक महीने तक फाइल दबी रही, जिससे उन्हें सड़क पर उतरने को मजबूर होना पड़ा।
मामला बढ़ता देख उत्तर-मध्य रेंज के आईजीपी सत्यब्रत भोई ने खुद मोर्चा संभाला। उन्होंने महिला हवलदार को चर्चा के लिए बुलाया और आश्वासन देकर अनशन खत्म कराया। आईजीपी ने स्वीकार किया कि छुट्टी स्वीकृति में मनमानी की बातें सामने आई हैं।
त्वरित कार्रवाई करते हुए डीजीपी ने रिजर्व इंस्पेक्टर गोबिंद महारी का तबादला कालाहांडी कर दिया है। हालांकि, विभाग का कहना है कि पूर्ण जांच के बाद आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Angul
Published : 30 April 2026, 5:50 AM IST