DUSU Election Result: दिल्ली यूनिवर्सिटी के चुनावों में ABVP की बंपर जीत, निर्दलीय बना उपाध्यक्ष; जानिए पूरे नतीजे

दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव 2026 के नतीजे सामने आ गए हैं। ABVP ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव समेत तीन पदों पर जीत दर्ज की, जबकि उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय दीपांशु शौकीन ने बाजी मारी। अध्यक्ष पद पर यश डबास और NSUI के विजय शंकर मीणा के बीच आखिरी दौर तक कड़ा मुकाबला रहा।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 19 September 2026, 4:38 PM IST

New Delhi: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ यानी DUSU Election Result 2026 के नतीजे सामने आ गए हैं। छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने तीन प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की है। ABVP के यश डबास ने अध्यक्ष पद, रिया छावड़ी ने सचिव पद और लक्ष्य राज सिंह ने संयुक्त सचिव पद पर जीत हासिल की। वहीं उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने जीत दर्ज कर बड़ा उलटफेर किया है।

इस बार चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए ABVP के यश डबास और NSUI के विजय शंकर मीणा के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। शुरुआती राउंड से लेकर आखिरी दौर तक दोनों उम्मीदवारों के बीच बढ़त बदलती रही। एक समय NSUI के विजय शंकर मीणा आगे निकल गए थे, लेकिन बाद के राउंड में यश डबास ने फिर बढ़त बनाई और अंत में अध्यक्ष पद अपने नाम कर लिया।

ABVP के तीन उम्मीदवारों ने दर्ज की जीत

DUSU के चार केंद्रीय पदों में से तीन पर ABVP उम्मीदवार विजयी रहे। यश डबास अध्यक्ष बने, रिया छावड़ी ने सचिव पद पर जीत दर्ज की और लक्ष्य राज सिंह संयुक्त सचिव चुने गए। वहीं उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय दीपांशु शौकीन ने ABVP और NSUI के उम्मीदवारों को पीछे छोड़ते हुए जीत हासिल की। उपाध्यक्ष पद की मतगणना में दीपांशु शौकीन शुरुआत से ही मजबूत स्थिति में दिखाई दिए। 16वें राउंड तक उनके खाते में 24,943 वोट दर्ज थे, जबकि ABVP के ईशू मौर्य को 12,739 और NSUI के वीर चतरथ को 3,496 वोट मिले थे।

दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव 2026: वोटों की गिनती जारी, ABVP ने चारों मुख्य पदों पर बनाई मजबूत बढ़त

अध्यक्ष पद पर आखिरी दौर तक कांटे की टक्कर

अध्यक्ष पद की लड़ाई इस चुनाव के सबसे चर्चित मुकाबलों में रही। मतगणना के 10वें राउंड तक NSUI के विजय शंकर मीणा 11,962 वोटों के साथ आगे थे, जबकि ABVP के यश डबास को 11,472 वोट मिले थे। इसके बाद तस्वीर बदली और यश डबास ने बढ़त हासिल कर ली। इससे पहले शुरुआती राउंड में भी दोनों उम्मीदवारों के बीच लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला।

40.46 फीसदी हुआ था मतदान

DUSU चुनाव के लिए शुक्रवार को दिल्ली यूनिवर्सिटी के 52 कॉलेजों और विभागों में मतदान केंद्र बनाए गए थे। इस बार कुल 40.46 फीसदी मतदान हुआ, जो पिछले साल के 39.45 फीसदी मतदान से 1.01 प्रतिशत अधिक था। मतदान सुबह और शाम की अलग-अलग शिफ्ट में कराया गया था। चुनाव के बाद सभी ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना केंद्र तक पहुंचाया गया और शनिवार सुबह से वोटों की गिनती शुरू हुई।

दिल्ली यूनिवर्सिटी के कॉलेज में NET पास उम्मीदवारों के लिए सुनहरा अवसर, 12 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर पद खाली; जानें डिटेल्स

छात्र मुद्दों पर टिका रहा चुनाव

DUSU चुनाव में छात्रावास, सुरक्षित और किफायती आवास, कैंपस सुरक्षा और छात्र सुविधाओं जैसे मुद्दे भी चर्चा में रहे। हाल ही में सत्य निकेतन में एक इमारत गिरने की घटना में सात लोगों की मौत हुई थी, जिनमें पांच DU छात्र शामिल थे। इस घटना के बाद छात्र आवास और सुरक्षा चुनावी चर्चा के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहे। चुनाव में ABVP, NSUI और AISA-SFI गठबंधन के उम्मीदवारों के अलावा निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में थे।

Location :  New Delhi

Published :  19 September 2026, 4:38 PM IST