हिंदी
21 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट (Img- Pinterest)
New Delhi: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है, जिससे देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण बताए हैं।
एक साथ कई मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने से उत्तर, पूर्व, मध्य और दक्षिण भारत के 21 राज्यों में तेज बारिश, धूल भरी आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। राजधानी में अधिकतम तापमान 38°C और न्यूनतम 30°C रह सकता है। वहीं, उत्तर प्रदेश के नोएडा, मेरठ, लखनऊ और वाराणसी सहित कई जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट है। लखनऊ में पारा 40°C तक जा सकता है, जबकि कुछ इलाकों में 80 KMPH की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। किसानों को खराब मौसम में खेतों में न जाने की सलाह दी गई है।
बिहार के पटना, गया और पूर्णिया समेत कई जिलों में 65 KMPH की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है। पटना का तापमान 38°C के आसपास रहेगा। झारखंड के रांची, धनबाद और जमशेदपुर में भी 60 KMPH की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लगातार बारिश के कारण शहरी और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, जिससे यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
मध्य प्रदेश में चक्रवाती परिसंचरण के कारण भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में बारिश का येलो अलर्ट है। राजस्थान के जयपुर, बीकानेर और जैसलमेर में पहले धूल भरी आंधी चलेगी और फिर बारिश होगी। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है, जिससे रायपुर और बिलासपुर में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा और महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र में भी भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
Weather Alert: मौसम ने बदला मिजाज, दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश, यूपी तक असर
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन (Landslide) और पत्थर गिरने का खतरा बढ़ गया है। मनाली में न्यूनतम तापमान 9°C तक गिरने का अनुमान है। पूर्वोत्तर भारत की नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है।
Location : New Delhi
Published : 26 June 2026, 7:47 AM IST