महंगाई का नया झटका! फिर बढ़े LPG सिलिंडर के दाम, आज से जेब पर बढ़ेगा बोझ

महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 7 जून से लागू हो गई हैं। पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब घरेलू रसोई गैस के दाम बढ़ाए गए हैं। बढ़ी हुई कीमतों का सीधा असर करोड़ों परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ेगा।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 7 June 2026, 12:45 AM IST

New Delhi: देशभर में बढ़ती महंगाई के बीच आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस यानी एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 7 जून से लागू हो गई हैं। इस बढ़ोतरी के बाद अब दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है। लगातार बढ़ रही आवश्यक वस्तुओं की कीमतों के बीच गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से आम परिवारों की चिंता और बढ़ गई है।

यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है जब घरेलू एलपीजी सिलेंडर महंगा हुआ है। इससे पहले 7 मार्च को गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। अब एक बार फिर कीमत बढ़ने से रसोई का बजट प्रभावित होना तय माना जा रहा है।

आखिर क्यों बढ़े गैस सिलेंडर के दाम?

उद्योग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और वैश्विक स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहे असर के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। इसका सीधा प्रभाव भारत के एलपीजी बाजार पर भी पड़ा है। जानकारों का कहना है कि मार्च में 60 रुपये की बढ़ोतरी के बाद भी सरकारी तेल विपणन कंपनियां घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बिक्री पर भारी नुकसान झेल रही थीं। अनुमान के मुताबिक ताजा बढ़ोतरी से पहले कंपनियों को हर घरेलू गैस सिलेंडर पर लगभग 703 रुपये तक का नुकसान हो रहा था। ऐसे में बढ़ती लागत और अंतरराष्ट्रीय बाजार की परिस्थितियों को देखते हुए कीमतों में संशोधन किया गया।

UP News: कमर्शियल गैस सिलिंडर के दाम में 993 रुपये की भारी वृद्धि, अब चुकानी होगी इतनी कीमत

किस शहर में कितना हुआ सिलेंडर?

नई दरें लागू होने के बाद देश के अलग-अलग शहरों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव देखने को मिला है। राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 942 रुपये हो गई है, जबकि मुंबई में उपभोक्ताओं को इसके लिए 941.50 रुपये चुकाने होंगे। कोलकाता में सिलेंडर की कीमत 968 रुपये तक पहुंच गई है, वहीं चेन्नई में यह 957.50 रुपये में उपलब्ध होगा। बिहार की राजधानी पटना में घरेलू गैस सिलेंडर सबसे महंगा होकर 1,031.50 रुपये का हो गया है। वहीं राजस्थान की राजधानी जयपुर में उपभोक्ताओं को एक घरेलू एलपीजी सिलेंडर के लिए 945.50 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ने की संभावना है।

तेल कंपनियों पर अभी भी आर्थिक दबाव

हालांकि गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए हैं, लेकिन उद्योग सूत्रों का दावा है कि सरकारी तेल कंपनियों पर अभी भी आर्थिक दबाव बना हुआ है। जानकारी के अनुसार कंपनियां पेट्रोल और डीजल की बिक्री में भी लागत से कम कीमत पर ईंधन उपलब्ध करा रही हैं। अनुमान है कि तेल कंपनियों को पेट्रोल पर करीब 11 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर लगभग 33.6 रुपये प्रति लीटर तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसे में ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों के सामने वित्तीय संतुलन बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।

LPG Crisis: नहीं हो रहा गैस सिलिंडर बुक तो इस नंबर पर करें WhatsApp, तुरंत आएगा कंफर्म मैसेज

पहले ही बढ़ चुके हैं दाम

घरेलू गैस सिलेंडर महंगा होने से पहले 1 जून को कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई थी। नई दरों के अनुसार दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम 42 रुपये बढ़ाए गए थे। वहीं कोलकाता में इसकी कीमत में 53.50 रुपये की वृद्धि दर्ज की गई थी। इसके अलावा पांच किलोग्राम वाले फ्री ट्रेड एलपीजी (एफटीएल) सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये का इजाफा किया गया था। दिल्ली में यह सिलेंडर अब 821.50 रुपये में उपलब्ध है।

घरेलू बजट पर पड़ेगा असर

घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने का सीधा असर मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर पड़ने वाला है। पहले से ही खाद्य पदार्थों, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती लागत से जूझ रहे परिवारों के लिए यह बढ़ोतरी अतिरिक्त बोझ साबित हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में तेजी जारी रहती है तो आने वाले समय में ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े उत्पादों की कीमतों पर और दबाव देखने को मिल सकता है।

Location :  New Delhi

Published :  7 June 2026, 12:45 AM IST