दिसंबर की शुरुआत के साथ बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली-NCR और राजस्थान में ठंड और कोहरे का असर तेज़ हो गया है। आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कोहरा और ठंड दोनों बढ़ सकते हैं। राजस्थान में भी तापमान धीरे-धीरे गिर रहा है और शाम की ठंडी हवाएं सर्दी बढ़ा रही हैं।

मौसम का हाल (Img: Internet)
New Delhi: दिसंबर की शुरुआत के साथ बिहार में ठंड ने जोर पकड़ लिया है। पछुआ हवाओं की तेज़ रफ्तार ने तापमान को सामान्य से काफी नीचे ला दिया है। पटना में न्यूनतम तापमान 9°C और गया में लगभग 10°C दर्ज किया गया। कई जिलों में सुबह घना कोहरा छा रहा है, जिससे वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ रहा है। पश्चिमी हवाएं 30 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं, जिससे ठंड और भी बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों को कोहरे और पाले के लिहाज से चुनौतीपूर्ण बताया है।
उत्तराखंड में मौसम साफ बना हुआ है और दिन में तेज़ धूप लोगों को राहत दे रही है। हालांकि, रात के तापमान में लगातार गिरावट से पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में ठंड बढ़ती जा रही है। बारिश न होने के कारण यहां शुष्क ठंड बढ़ रही है, जिससे मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी है कि हल्की बारिश या बर्फबारी आने वाले दिनों में ठंडक को नियंत्रित कर सकती है और लोगों को कुछ राहत दे सकती है।
उत्तर प्रदेश में रात के तापमान में तेज़ गिरावट दर्ज की जा रही है, जबकि दिन का तापमान लगभग सामान्य बना हुआ है। पश्चिमी हवाएं पूरे राज्य में ठंड बढ़ा रही हैं। खासकर तराई क्षेत्रों में सुबह घना कोहरा छा रहा है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 11 और 12 दिसंबर को मौसम साफ़ रहेगा, लेकिन सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाने की उम्मीद है। 13 से 15 दिसंबर तक भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम का हाल (Img: Internet)
यह भी पढ़ें- Delhi Crime News: रंजिश में नाबालिग की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली-एनसीआर में 11 दिसंबर को मौसम ज्यादातर साफ रहने की उम्मीद है। सुबह हल्का कोहरा या धुंध छा सकता है। अधिकतम तापमान 23–25°C और न्यूनतम 7–9°C के बीच रहने का अनुमान है। उत्तर-पश्चिमी हवाएं 5–10 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी। राजधानी के उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम और शाहदरा क्षेत्रों में सुबह हल्की धुंध से विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में दृश्यता कम रहने की संभावना है।
अगले 3–5 दिनों में दिल्ली-NCR में ठंड और कोहरा दोनों बढ़ने की संभावना है। 12 दिसंबर को हल्के बादल और धुंध, जबकि 13–14 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सुबह मध्यम कोहरा और बादल छाए रह सकते हैं। 15–16 दिसंबर को मौसम फिर साफ़ होने की उम्मीद है, हालांकि धुंध बनी रहेगी। अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान 2–3°C तक गिर सकता है।
राजस्थान में दिसंबर की ठंड धीरे-धीरे अपना असर दिखा रही है। तापमान लगातार गिर रहा है, हालांकि दिन में धूप के कारण ठंड ज्यादा महसूस नहीं होती। शाम होते ही ठंडी हवाएं सर्दी बढ़ा देती हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि कड़ाके की ठंड आने में अभी कुछ दिन और लगेंगे, लेकिन धीरे-धीरे ठंड का असर तेज़ होता दिखाई दे रहा है।