
टाइगर श्रॉफ गोलीकांड के तीनों आरोपियों को रिमांड पर लेने की तैयारी
Mumbai: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को मुंबई ले जाने की प्रक्रिया में सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। रात के समय आरोपियों को लेकर मुंबई रवाना हुई पुलिस कुछ दूर जाने के बाद वापस कोटा के रेलवे कॉलोनी थाने लौट आई।
फिलहाल तीनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। थाने के बाहर भारी पुलिस बल और कमांडो की तैनाती की गई है। अब उन्हें दिन निकलने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा कारणों और रात के अंधेरे में किसी भी संभावित जोखिम से बचने के लिए पुलिस ने आरोपियों को मुंबई ले जाने का फैसला फिलहाल टाल दिया। कुछ दूर जाने के बाद पुलिसकर्मी तीनों को लेकर वापस थाने लौट आए। इसके बाद रेलवे कॉलोनी थाने के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई।
थाने के बाहर भारी पुलिस बल और कमांडो तैनात किए गए हैं। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। अब दिन निकलने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच तीनों आरोपियों को मुंबई ले जाने की तैयारी है। हालांकि, रवाना होने का सटीक समय स्पष्ट नहीं है।
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस ने सोमवार सुबह राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उन्हें पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जनरल कोच से पकड़ा। मुंबई पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में एक की उम्र 18 साल और बाकी दो की उम्र 22-22 साल है। तीनों नाबालिग नहीं हैं।
पुलिस को आरोपियों को महाराष्ट्र ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड भी मिल चुकी है। अब मुंबई पहुंचने के बाद उनसे वारदात के पीछे की साजिश, हथियारों की व्यवस्था और अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
गौरतलब है कि रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाकर फायरिंग की गई थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से दो ने कथित तौर पर पांच से छह राउंड गोलियां चलाई थीं। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी वारदात के बाद सूरत की तरफ भागे और फिर जयपुर जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए। उनकी कथित योजना जयपुर से बस के जरिए दिल्ली पहुंचने और वहां से नेपाल जाने की थी। हालांकि, कोटा रेलवे स्टेशन पर ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
अब मुंबई में होने वाली पूछताछ से यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि फायरिंग की साजिश किसने रची, हथियार कहां से आए और इस वारदात में अन्य लोगों की क्या भूमिका थी।
Location : Mumbai
Published : 20 October 2026, 5:47 AM IST