Site icon Hindi Dynamite News

गणपति विसर्जन पर मुंबई में विशेष यातायात व्यवस्था, भारी वाहनों पर कल रहेगी रोक; पढ़ें पूरी खबर

मुंबई में गणेश विसर्जन के मद्देनजर 6 सितंबर को विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। भारी वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा और मुख्य विसर्जन स्थलों पर 4,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
Post Published By: सौम्या सिंह
Published:
गणपति विसर्जन पर मुंबई में विशेष यातायात व्यवस्था, भारी वाहनों पर कल रहेगी रोक; पढ़ें पूरी खबर

Mumbai: मुंबई में गणेश उत्सव के अंतिम दिन अनंत चतुर्दशी पर भारी भीड़ और विसर्जन जुलूसों को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने शहर भर में विशेष यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। गिरगांव चौपाटी, शिवाजी पार्क, जुहू चौपाटी जैसे प्रमुख विसर्जन स्थलों पर बड़ी संख्या में भक्तों के जुटने की संभावना को देखते हुए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था लागू

इस मौके पर सह पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) सत्यनारायण चौधरी, सह पुलिस आयुक्त (यातायात) अनिल कुंभारे, पुलिस उपायुक्त (अभियान) अकबर पठान, और यातायात उपायुक्त प्रशांत परदेशी समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने यातायात और सुरक्षा से जुड़ी एक महत्वपूर्ण बैठक की। इसमें विसर्जन के सुचारू संचालन और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए रणनीतियाँ बनाई गईं।

गणेश विसर्जन पर भारी वाहनों पर प्रतिबंध

मुंबई पुलिस ने बताया कि 6 सितंबर 2025 को सुबह 7 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश और संचालन पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों जैसे दूध, सब्जी, बेकरी उत्पाद, पानी, एम्बुलेंस, स्कूल बस, पेट्रोलियम आदि को छूट दी गई है।

यातायात विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे निजी वाहनों की बजाय सार्वजनिक परिवहन जैसे BEST बस और लोकल ट्रेनों का अधिक उपयोग करें। विसर्जन वाले दिन तीनों रूटों पर पूरी रात लोकल ट्रेनें चलेंगी।

मुंबई से आने-जाने वाले वाहनों के लिए विशेष रूट निर्देशित

पुलिस ने कोस्टल रोड (धर्मवीर स्वराज्यरक्षक छत्रपति संभाजी महाराज मार्ग), एफ-वे (विलासराव देशमुख पूर्व फ्रीवे), और अटल सेतु के उपयोग को प्रोत्साहित किया है ताकि उत्तर और दक्षिण मुंबई के बीच सुगम यातायात बना रहे। दक्षिण मुंबई से आने-जाने वाले वाहनों के लिए विशेष रूट निर्देशित किए गए हैं ताकि मुख्य सड़कों पर भीड़ और जाम की स्थिति न बने।

Ganesh Chaturthi: गणेश उत्सव के लिए मुंबई में कड़ी सुरक्षा व्यस्था, 13,700 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात, कई प्रतिबंध लागू

गिरगांव चौपाटी, शिवाजी पार्क, पवई घाट, जुहू चौपाटी, मलाड मालवणी टी-जंक्शन जैसे मुख्य विसर्जन स्थलों पर 4,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनके साथ-साथ होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा बल, एनएसएस, जल सुरक्षा बल, हैम रेडियो, अनिरुद्ध आपदा प्रबंधन जैसे संगठनों के अतिरिक्त 4,000 स्वयंसेवक और सुरक्षाकर्मी भी सहयोग करेंगे।

Ganesh Chaturthi 2023: गणेश उत्सव के 5वें दिन मुंबई में की गई 80 हजार से अधिक मूर्तियों का विसर्जन

इसके अलावा, भारी वाहन और निजी बसें केवल अधिकृत पे एंड पार्क स्थानों या अपने निजी परिसर में ही पार्क की जा सकेंगी। ऑन-स्ट्रीट पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यह विशेष व्यवस्था 27 अगस्त से 6 सितंबर 2025 तक प्रभावी रहेगी।

मुंबई पुलिस ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि गणपति बप्पा के विसर्जन के इस पावन अवसर पर यातायात नियमों का पालन करें और व्यवस्था में सहयोग करें, ताकि हर किसी के लिए यह पर्व आनंददायक और सुरक्षित बन सके।

Exit mobile version