
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- Pinterest)
Mumbai: मुंबई से सटे अंबरनाथ इलाके से एक दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां शादी के महज 48 दिन के भीतर एक 26 वर्षीय नवविवाहिता विशाखा तिलककर ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस खौफनाक कदम के पीछे जो वजह सामने आई है, उसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि पेशे से डॉक्टर पति अपनी पत्नी की जासूसी करता था और हर वक्त उस पर नजर रखता था। फिलहाल, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी डॉक्टर पति नितिन तिलककर को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
वारदात की शिकार हुई विशाखा की शादी को अभी दो महीने भी पूरे नहीं हुए थे कि उसे मौत को गले लगाना पड़ा। मृतका के परिवार ने ससुराल पक्ष पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि शादी के तुरंत बाद से ही पेशे से डॉक्टर पति नितिन तिलककर और उसके घरवाले विशाखा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। ससुराल वालों की तरफ से विशाखा पर लगातार मायके से कीमती गहने और मोटी रकम लाने का दबाव बनाया जा रहा था, जिससे वह गहरे तनाव में जीने को मजबूर थी।
Mumbai News: शाहरुख के ‘मन्नत’ पर वन विभाग की एंट्री, क्या है इस दौरे के पीछे की असली वजह?
विशाखा के परिजनों ने आरोपी पति की जिस खौफनाक और सनकी मानसिकता का खुलासा किया है, वह बेहद चौंकाने वाला है। परिजनों के मुताबिक, शादी होते ही विशाखा की आजादी को पूरी तरह कुचल दिया गया था। आरोपी डॉक्टर पति नितिन ने विशाखा की हर एक गतिविधि, उठने-बैठने और चलने-फिरने पर नजर रखने के लिए घर के अंदर और बाहर, चारों तरफ सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगा दिए थे। वह तीसरी आंख के जरिए अपनी पत्नी के हर कदम की चौबीसों घंटे डिजिटल निगरानी करता था। इस कड़े पहरे और जासूसी ने विशाखा को अपने ही घर में एक कैदी बना दिया था, जिसके कारण वह भारी मानसिक तनाव से गुजर रही थी।
आरोपी पति की सनक इस कदर बढ़ चुकी थी कि विशाखा पर कई तरह की पाबंदियां थोप दी गई थीं। वह किसी बाहरी इंसान तो दूर, पड़ोसियों से भी बात नहीं कर सकती थी। बताया जा रहा है कि आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाने से महज दो दिन पहले विशाखा ने अपनी एक पड़ोसी महिला से बात कर ली थी। इसी बात से आगबबूला होकर आरोपी पति ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। लगातार मिल रही इस प्रताड़ना और खौफ के माहौल से तंग आकर आखिरकार विशाखा का सब्र टूट गया और उसने मौत का रास्ता चुन लिया।
इस खौफनाक वारदात से ठीक पहले विशाखा ने किसी तरह छिपकर फोन पर अपनी मां को आपबीती सुनाई थी। उसने रोते हुए अपने साथ हो रहे जुल्मों और बंदिशों की कहानी बयां की थी। बेटी की दर्दभरी दास्तान सुनकर सहमे माता-पिता उसे वापस अपने घर (मायके) लाने की पूरी योजना बना ही रहे थे, लेकिन इससे पहले कि वे अंबरनाथ पहुंच पाते, उन्हें बेटी की मौत की बेहद दुखद और खौफनाक खबर मिल गई।
इस पूरे मामले में अंबरनाथ के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन ने तत्परता दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मृतका के परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी पति डॉक्टर नितिन तिलककर, सास और जेठ के खिलाफ प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने समेत संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी डॉक्टर पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की आगे की तफ्तीश में जुट गई है।
Location : Mumbai
Published : 18 June 2026, 8:33 AM IST