पहले प्यार के वीडियो, फिर मौत की प्लानिंग… परफेक्ट लव स्टोरी के पीछे खूनी साजिश! केतन हत्याकांड में चौंकाने वाले खुलासे

पुणे में कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत के मामले में पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, जिसे पहले हादसा माना जा रहा था, वह कथित तौर पर एक सोची-समझी साजिश थी। जांच में मंगेतर सिया गोयल और चेतन चौधरी की भूमिका सामने आई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 June 2026, 12:13 PM IST

Mumbai: पुणे में कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत की कहानी अब एक ऐसी साजिश के रूप में सामने आ रही है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। सोशल मीडिया पर जहां केतन और उसकी मंगेतर सिया गोयल की जिंदगी किसी परफेक्ट लव स्टोरी जैसी दिखाई देती थी, वहीं पुलिस जांच में दावा किया जा रहा है कि इसी रिश्ते के पीछे एक खतरनाक साजिश रची गई थी। पुलिस के मुताबिक, केतन की मौत को हादसे का रूप देने की पूरी तैयारी की गई थी। लेकिन केतन की मां को अपने बेटे की मौत पर शक हुआ और उनकी शंका के बाद जांच की दिशा बदल गई। इसके बाद धीरे-धीरे मामले की परतें खुलने लगीं।

पहले हादसा समझी गई मौत

केतन अग्रवाल की मौत के बाद शुरुआती तौर पर इसे एक दुर्घटना माना जा रहा था। लेकिन परिवार को यह बात आसानी से स्वीकार नहीं हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि केतन की मौत के पीछे कथित तौर पर पहले से बनाई गई योजना थी। पुलिस का कहना है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। जांच अधिकारियों के मुताबिक दोनों ने 18 जून को घटना से पहले पूरी प्लानिंग की थी।

इशारा मिलते ही दिया गया धक्का

पुलिस अधिकारी डीएसपी गजानन टोम्पे के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात को लेकर कई अहम बातें बताई हैं। जांच के मुताबिक, सिया और चेतन के बीच पहले से तय था कि सही समय आने पर सिया नीचे झुककर इशारा करेगी। इसके बाद चेतन केतन को धक्का देगा। पुलिस के अनुसार चेतन ने केतन और सिया का पीछा किया और सुनसान चट्टान वाली जगह पर पहुंचकर सिया के इशारे का इंतजार किया। इशारा मिलते ही वह पीछे से केतन के पास पहुंचा और उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद सिया ने इसे हादसा बताकर शोर मचाना शुरू किया।

Pune Murder Case Update: केतन हत्याकांड में नया मोड़, चेतन के दोस्त नीरज से पूछताछ में पुलिस को मिले अहम सुराग

14 जून को भी हुई थी कोशिश

पुलिस सूत्रों के अनुसार सिया ने इससे पहले भी केतन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी। बताया जा रहा है कि 14 जून को भी सिया ने केतन को धक्का दिया था, लेकिन उस समय केतन ने एक पेड़ पकड़ लिया और उसकी जान बच गई। इसके बाद कथित तौर पर 18 जून को लोहगढ़ जाने की योजना बनाई गई। इस बार केतन खुद को नहीं बचा सका।

पुलिस को गुमराह करने के लिए छोड़ा था फोन

जांच में पुलिस को यह भी पता चला कि चेतन ने अपनी लोकेशन छिपाने के लिए एक अलग योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन चेतन अपना मोबाइल फोन दुकान पर छोड़ गया था और एक कर्मचारी का फोन लेकर लोहगढ़ पहुंचा था। अब पुलिस उस कर्मचारी से भी पूछताछ कर रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा सकें।

शराब की आदत और दोस्ती का एंगल

जांच में यह भी सामने आया है कि सिया और चेतन की दोस्ती पहले से थी। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के शराब पीने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने पूछताछ में दोनों के नशे की आदत होने का दावा किया है। केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने बेटे की मौत के बाद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार अपना इकलौता बेटा खो चुका है और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।

सोशल मीडिया पर दिखती थी प्यार की कहानी

केतन और सिया का रिश्ता सोशल मीडिया पर बेहद मजबूत नजर आता था। केतन ने सिया के जन्मदिन को खास बनाने के लिए पहले से तैयारी शुरू कर दी थी। वह लगातार सिया को सरप्राइज देता था। कभी फूल देकर तो कभी प्यार भरे अंदाज में वीडियो बनाकर। दोनों के कई वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो को देखकर कोई अंदाजा नहीं लगा सकता था कि रिश्ते के पीछे इतनी बड़ी साजिश का आरोप लग सकता है।

लाश देख कलेजा फट गया… टूटकर बोले केतन के पिता- जिसे समझा हादसा, वो मंगेतर की खूनी साजिश, चश्मदीद ने बताया वो खौफनाक मंजर

शादी टालना चाहती थी सिया?

पुलिस जांच में एक और पहलू सामने आया है। अधिकारियों के मुताबिक सिया शादी को लेकर पूरी तरह तैयार नहीं थी। बताया गया कि उसने एक बार शादी को एक साल के लिए टालने की बात भी कही थी। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या शादी का दबाव इस पूरी साजिश की वजह बना।

कई बार लोहगढ़ जाने की बनाई थी योजना

जांच में यह भी सामने आया है कि सिया पहले भी केतन को लोहगढ़ किले ले जा चुकी थी। पुलिस के मुताबिक 31 मई को दोनों वहां गए थे और 4 जून को भी सिया दोबारा जाने की योजना बना रही थी, लेकिन परिवार की तरफ से अनुमति नहीं मिली। बाद में 18 जून को दोनों वहां पहुंचे, जहां यह घटना हुई।

सीसीटीवी में दिखा था हुडी पहना युवक

पुलिस ने किले के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की है। एक फुटेज में केतन और सिया के पीछे एक युवक चलता दिखाई दिया। बताया गया कि युवक ने शॉर्ट्स और हुडी पहन रखी थी और उसका चेहरा साफ दिखाई नहीं दे रहा था। एक अन्य वीडियो में पुलिस ने दावा किया कि जब सिया पीछे मुड़ी तो हुडी पहना युवक अचानक नीचे बैठ गया। पुलिस अब इन सभी सबूतों की जांच कर रही है।

परिवार मांग रहा इंसाफ

केतन की मौत ने उसके परिवार को गहरा सदमा दिया है। परिवार का कहना है कि जिस रिश्ते को वह खुशियों की शुरुआत मान रहे थे, वही उनके बेटे की मौत का कारण बन गया। अब पुलिस पूरे मामले में सबूत जुटाकर आगे की कार्रवाई कर रही है। आने वाले दिनों में जांच से और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Location :  Mumbai

Published :  25 June 2026, 12:13 PM IST