हिंदी
केतन अग्रवाल मर्डर केस अपडेट (सोर्स- एक्स)
Pune: महाराष्ट्र के पुणे जिले के लोहागढ़ किले में बीती 18 जून को हुई 26 साल के ट्रेकर और बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की मौत के मामले में हर रोज चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। शुरुआत में जिसे महज एक पैर फिसलने का हादसा माना जा रहा था, वह अब एक हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री और सोची-समझी साजिश में बदल चुका है। केतन की मौत के बाद से उनके घर में मातम पसरा है। अपने 26 साल के जवान बेटे को खोने का गम और अपने लाड़ले के हमेशा के लिए चुप हो जाने की तकलीफ परिवार को भीतर तक खाए जा रही है। बेटे की लाश देखकर पिता पूरी तरह टूट चुके हैं और अब खुलकर इस मौत को एक बड़ी साजिश करार दे रहे हैं।
पुणे पुलिस की तफ्तीश जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, इस केस में कई नए और चौंकाने वाले सुराग हाथ लग रहे हैं। पुलिस जांच में जो सबसे बड़ा मोड़ आया है, वो केतन की होने वाली पत्नी सिया गोयल से जुड़ा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सिया इस शादी के लिए मन से बिल्कुल भी तैयार नहीं थी। वह परिवार के भारी दबाव में आकर इस शादी को आगे बढ़ा रही थी। अब पुलिस इसी एंगल को इस मर्डर केस की सबसे अहम कड़ी मानकर चल रही है।
केतन अग्रवाल पुणे के गहुंजे इलाके के रहने वाले थे और अपने परिवार की रियल एस्टेट कंपनी 'सक्सेस ग्रुप' में डायरेक्टर और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (CMO) के पद पर कार्यरत थे। केतन और सिया की शादी इसी साल नवंबर महीने में होनी तय हुई थी। दोनों ही रईस परिवारों से थे, इसलिए शादी की तैयारियां भी बेहद आलीशान और बड़े स्तर पर चल रही थीं। शादी के लिए राजस्थान में करोड़ों रुपए का एक महल बुक किया जा चुका था, और तो और, मेहमानों को लाने-ले जाने के लिए दो प्राइवेट जेट तक बुक किए गए थे। लेकिन इन शाही तैयारियों के बीच ही मौत का यह खौफनाक खेल खेला गया।
बीती 18 जून को केतन और सिया लोहागढ़ किले गए थे। दरअसल, यह ट्रिप सिया का जन्मदिन मनाने के लिए प्लान की गई थी। इसी दौरान अचानक खबर आई कि केतन किले की एक ऊंची जगह से सीधे गहरी खाई में गिर गए हैं, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
शुरुआत में सिया ने पुलिस को गुमराह करने वाली कहानी सुनाई। सिया ने बताया था कि तेज हवा चल रही थी और फोटो खींचते समय अचानक केतन का पैर फिसल गया, जिससे वे सीधे नीचे जा गिरे। पुलिस ने भी पहले इसे महज एक हादसा मानते हुए एक्सीडेंटल डेथ का केस दर्ज कर लिया था। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने करीब तीन घंटे तक चले बेहद कड़े ऑपरेशन के बाद केतन का शव खाई से बरामद किया।
अब इस पूरे मामले में केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने सामने आकर बेहद सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। टूट चुके पिता का दावा है कि उनके बेटे की मौत कोई इत्तेफाक नहीं है। उन्होंने खुलासा किया कि उस दिन भी केतन को किले की खाई की तरफ धकेला गया था, लेकिन उस वक्त केतन ने पास की झाड़ियों को पकड़कर किसी तरह खुद को बचा लिया था। पिता के मुताबिक, जब केतन को यह समझ आया कि उन्हें जानबूझकर धकेला गया है और उन्होंने इस पर सवाल किया, तो सिया ने मौके पर सांप होने का झूठा शोर मचा दिया। सिया ने चालाकी से दावा किया कि उसने केतन को खाई में गिराने के लिए नहीं, बल्कि सांप से बचाने के लिए धक्का दिया था।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब उस चश्मदीद और रेस्क्यू करने वाले शख्स के बयान भी पुलिस के लिए बेहद अहम हो चुके हैं जिसने सबसे पहले केतन की लाश को देखा था।
Location : Pune
Published : 25 June 2026, 8:13 AM IST