
अंडरवर्ल्ड जैसी दहशत फैलाना चाहता है बिश्नोई गैंग (Img- X)
Mumbai: मुंबई में 90 के दशक के अंडरवर्ल्ड का नाम सुनते ही बड़े कारोबारी और फिल्मी हस्तियां तक डर जाती थीं। अब पुलिस को शक है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग भी शहर में इसी तरह का खौफ पैदा करना चाहता है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गैंग की मंशा है कि उसके नाम से भी लोगों में वैसा ही डर बने, जैसा कभी अंडरवर्ल्ड के नाम से हुआ करता था। टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच को कुछ ऑडियो क्लिप मिले हैं, जिनमें अंडरवर्ल्ड का जिक्र सुनाई देता है।
मुंबई पुलिस की जांच के मुताबिक, गैंग बड़ी वारदातों के जरिए शहर में अपना दबदबा कायम करना चाहता है। जांच एजेंसियों को शक है कि वह दाऊद इब्राहिम और डी-कंपनी के पुराने प्रभाव को चुनौती देकर मुंबई में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहता है।
पुलिस को यह भी आशंका है कि बिल्डरों और फिल्मी हस्तियों के बीच डर पैदा करके बड़े पैमाने पर रंगदारी वसूलने की रणनीति बनाई जा रही है। हालांकि, इन मंसूबों और नेटवर्क को लेकर जांच अभी जारी है।
इसी बीच, अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने हरियाणा से 12वें आरोपी अमन को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में साजिश के लिए पैसों के लेन-देन से जुड़े अहम तथ्य सामने आए हैं।
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, पहले गिरफ्तार आरोपी कुणाल के कहने पर अमन ने आरोपी महिला राधा के बैंक खाते में ऑनलाइन 12 हजार रुपये भेजे थे। यह रकम उस समय ट्रांसफर की गई, जब राधा दिल्ली से हथियारों की खेप लेकर मुंबई आने वाली थी।
जांच में पता चला है कि अमन, कुणाल का पड़ोसी और करीबी दोस्त है। पुलिस के मुताबिक, फायरिंग की घटना से करीब एक महीने पहले मुख्य साजिशकर्ता अनिल पंडित के जरिए कुणाल ने अमन के बैंक खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए थे। इसी रकम में से 12 हजार रुपये राधा के खाते में भेजे गए थे। पुलिस अब इस लेन-देन की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।
मुंबई ATS की बड़ी कार्रवाई… टेलीग्राम पर भड़काऊ पोस्ट करने के आरोप में रैपिडो ड्राइवर गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच को शक है कि अमन के बैंक खाते का इस्तेमाल दूसरे आरोपियों और संदिग्धों तक भी पैसे पहुंचाने के लिए किया गया। पुलिस दोनों बैंक खातों के रिकॉर्ड और पूरी मनी ट्रेल की पड़ताल कर रही है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, अमन को जानकारी थी कि उसके खाते का इस्तेमाल आपराधिक साजिश में हो रहा है।
इसी आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है। जांच एजेंसियां अब ऑडियो क्लिप, पैसों के लेन-देन और आरोपियों के आपसी संपर्कों को जोड़कर पूरे नेटवर्क की भूमिका समझने की कोशिश कर रही हैं।
Location : Mumbai
Published : 31 October 2026, 9:46 AM IST