गर्मी की छुट्टियों ने बिगाड़ा यात्रियों का बजट! वाराणसी से मुंबई-बंगलूरू जाना हुआ बेहद महंगा

अगर आप गर्मी की छुट्टियों में परिवार संग घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो यह खबर आपके बजट को बड़ा झटका दे सकती है। वाराणसी से कई बड़े शहरों और विदेशों के लिए हवाई किराया अचानक आसमान छूने लगा है। आखिर किन वजहों से टिकट इतने महंगे हुए और यात्रियों पर इसका क्या असर पड़ रहा है?

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 23 May 2026, 10:33 AM IST
google-preferred

Varanasi: गर्मी की छुट्टियां शुरू होते ही वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। स्कूलों की छुट्टियों के कारण लोग परिवार और बच्चों के साथ देश के अलग-अलग पर्यटन स्थलों की ओर रुख कर रहे हैं। इसी बीच विमानन कंपनियों ने भी बढ़ती मांग का फायदा उठाते हुए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के किराये में भारी बढ़ोतरी कर दी है।

मुंबई, बंगलूरू और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों के लिए जहां किराया दो से तीन गुना तक पहुंच गया है, वहीं विदेश जाने वाली उड़ानों के टिकट भी करीब 30 प्रतिशत महंगे हो गए हैं। अचानक बढ़े किराये ने यात्रियों का बजट बिगाड़ दिया है।

बाबतपुर एयरपोर्ट पर रोजाना 80 से 90 उड़ानें

वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट से प्रतिदिन करीब 80 से 90 विमानों का संचालन होता है। हालांकि इन दिनों एयरपोर्ट पर विस्तार कार्य भी चल रहा है, जिसकी वजह से कुछ उड़ानों की संख्या प्रभावित हुई है।इसके बावजूद यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है।

भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए लोग शिमला, मनाली, दार्जिलिंग, मेघालय, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड जैसे हिल स्टेशनों की यात्रा पर निकल रहे हैं। ट्रैवल एजेंसियों के अनुसार इस बार छुट्टियों के दौरान हवाई यात्रा की मांग पिछले साल की तुलना में काफी अधिक है।

UP Jobs 2026: यूपी में सरकारी नौकरी का बड़ा मौका, टेक्निकल असिस्टेंट भर्ती के लिए 11 जून तक करें आवेदन

मुंबई और बंगलूरू का किराया सुन उड़ जाएंगे होश

सामान्य दिनों में वाराणसी से मुंबई का हवाई किराया चार से छह हजार रुपये के बीच रहता था, लेकिन अब यही टिकट 13 से 15 हजार रुपये तक पहुंच चुका है। इसी तरह दिल्ली का किराया भी लगभग दोगुना हो गया है। जहां पहले दिल्ली जाने के लिए 2500 से 3000 रुपये खर्च होते थे, वहीं अब यात्रियों को 5200 से 5500 रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं। बंगलूरू और हैदराबाद का किराया भी 10 हजार रुपये के पार पहुंच चुका है।

कोलकाता जाने वाली सिंगल स्टॉप फ्लाइट्स के टिकट 13 से 15 हजार रुपये तक बिक रहे हैं। वहीं जम्मू का किराया सामान्य दिनों के छह हजार रुपये से बढ़कर 16 हजार रुपये के आसपास पहुंच गया है।

AI से फाइनेंशियल सलाह लेना पड़ सकता है भारी, भूलकर भी चैटबॉट में शेयर न करें ये 5 जानकारियां

ईंधन की कीमतें और पीक सीजन बना वजह

विमानन कंपनियों के अधिकारियों का कहना है कि इस समय पीक ट्रैवल सीजन चल रहा है। गर्मी की छुट्टियों के चलते यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ी है, जबकि दूसरी ओर एविएशन फ्यूल की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। यही वजह है कि कंपनियों ने टिकट दरों में बढ़ोतरी की है। एयरलाइंस का मानना है कि जून के अंत तक यह स्थिति बनी रह सकती है। छुट्टियों का सीजन खत्म होने के बाद ही किरायों में राहत मिलने की उम्मीद है।

यात्रियों की जेब पर बढ़ा बोझ

अचानक बढ़े किरायों ने मध्यमवर्गीय परिवारों की परेशानी बढ़ा दी है। कई लोग पहले से की गई यात्रा योजनाओं को रद्द करने पर मजबूर हो रहे हैं। वहीं कुछ यात्री ट्रेन और बस जैसे विकल्पों की ओर लौटने लगे हैं। यात्रियों का कहना है कि एयरलाइंस कंपनियां हर साल छुट्टियों के दौरान मनमाने तरीके से किराया बढ़ा देती हैं, जिससे आम लोगों का हवाई सफर करना मुश्किल हो जाता है।

इन शहरों के किराये में सबसे ज्यादा उछाल

मुंबई, बंगलूरू, हैदराबाद और जम्मू जैसे रूट्स पर सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गोवा और कोलकाता के टिकट भी आम दिनों की तुलना में काफी महंगे हो चुके हैं। ट्रैवल एक्सपर्ट्स का कहना है कि जो लोग छुट्टियों में यात्रा करना चाहते हैं, उन्हें पहले से टिकट बुक करने पर ही राहत मिल सकती है।

Location :  Varanasi

Published :  23 May 2026, 10:33 AM IST

Advertisement