
महिलाओं के लिए डाइवोर्स लेना मुश्किल
New Delhi : शादी एक पवित्र बंधन होता है, जिसे केवल दो लोगों के बीच का ही नहीं, बल्कि दो परिवारों के बीच का रिश्ता माना जाता है। लेकिन जब यही रिश्ता टॉक्सिसिटी में बदल जाता है, तब दोस्त व रिश्तेदार अक्सर हैरान होकर पूछते हैं कि “आखिर तुम यह सब कुछ क्यों सहन कर रही हो?” किसी भी रिश्ते में कभी-कभार लड़ाई-झगड़े होना आम बात है, लेकिन यह जब हद से ज्यादा होने लगे तब आखिरी ऑप्शन डाइवोर्स लेने का ही बचता है।
तलाक लेने का फैसला हर किसी के लिए बेहद मुश्किल होता है। यह एक ऐसी चुनौती है, जो एक पढ़ी-लिखी और आत्मनिर्भर महिला के लिए भी आसान नहीं होता। इसकी वजह केवल प्यार या भावनाएं नहीं, बल्कि समाज, परिवार और भविष्य से जुड़ी कई चिंताएं होती हैं। आइए जानते हैं वे 5 बड़े कारण, जो महिलाओं के कदमों को अक्सर रिश्ते की चौखट पर रोक देते हैं।
तलाक आज भले ही आम होता जा रहा हो, लेकिन कई जगहों पर तलाकशुदा महिला को अब भी सवालों और तानों का सामना करना पड़ता है। "लोग क्या कहेंगे?" यह एक ऐसा सवाल है जो कई महिलाओं को बड़ा कदम उठाने से पहले दोबारा सोचने के लिए मजबूर कर देता है।
Relationship Tips: रिलेशनशिप में आ गई है कड़वाहट, तो सुधार लें अपनी ये आदत
मां के लिए बच्चों की खुशी और भविष्य सबसे पहले आता है। कई महिलाएं इस डर से तलाक का फैसला टाल देती हैं कि कहीं इसका असर बच्चों की पढ़ाई, मेंटल हेल्थ या सामाजिक जीवन पर न पड़े। इसी कारण वह अपनी परेशानियों को इग्नोर कर रिश्ते को बनाए रखने की कोशिश करती हैं।
कई महिलाओं के लिए आर्थिक स्वतंत्रता सबसे बड़ी चुनौती होती है। अगर महिला नौकरी नहीं करती या परिवार पर ही निर्भर है, तो तलाक के बाद अपने और बच्चों के भविष्य की चिंता उसे फैसला लेने से रोक सकती है। आर्थिक असुरक्षा अक्सर रिश्ते में बने रहने का कारण बन जाती है।
RelationShip Tips: ये बातें बताती हैं कि अब आपके पार्टनर को नहीं है आपसे प्यार
शादी के कई सालों बाद रिश्ते में इमोशनल जुड़ाव गहरा हो जाता है। भले ही लड़ाई हों, लेकिन पुरानी यादें और साथ बिताया समय महिलाओं को फैसला लेने से रोक सकता है। इसके अलावा नई जिंदगी शुरू करने का डर भी एक बड़ा कारण होता है।
कई बार रिश्ते में समस्याएं बढ़ने के बाद भी महिलाएं यह उम्मीद नहीं छोड़तीं कि एक दिन सब ठीक हो जाएगा। वह बातचीत, समझौते और समय के सहारे रिश्ते को बचाने की कोशिश करती रहती हैं। परिवार को एकजुट रखने की यह भावना अक्सर तलाक के फैसले को टाल देती है।
Location : New Delhi
Published : 2 June 2026, 2:34 PM IST