
झारखंड का फेमस धुस्का (Img- Pinterest
New Delhi: अगर आप सुबह या शाम के नाश्ते में वही पुराना समोसा या कचौड़ी खाकर बोर हो चुके हैं, तो अब वक्त आ गया है अपनी थाली में कुछ नया और मजेदार स्वाद जोड़ने का। पूर्वी भारत, खासकर झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल की गलियों में राज करने वाला पारंपरिक धुस्का एक ऐसा नाश्ता है, जो स्वाद और कुरकुरेपन के मामले में बड़े-बड़े स्ट्रीट फूड्स को मात देता है। चावल और दालों के पोषाहार से तैयार होने वाला यह धुस्का बाहर से जितना क्रिस्पी होता है, अंदर से उतना ही जालीदार और सॉफ्ट होता है।
झारखंडी स्टाइल का असली और स्वादिष्ट धुस्का बनाने के लिए आपको बहुत ही साधारण घरेलू सामान की जरूरत होती है। सबसे पहले 1 कप चावल, आधा कप चना दाल और एक-चौथाई कप उड़द दाल ले लें।
इसके साथ ही तड़के और फ्लेवर के लिए 4 बारीक कटी हरी मिर्च, पौन इंच कद्दूकस अदरक, 2 चम्मच बारीक कटा हरा धनिया, एक चुटकी हींग, एक-चौथाई चम्मच हल्दी, 1 चम्मच साबुत जीरा, स्वादानुसार नमक और तलने के लिए आवश्यकतानुसार तेल अपने पास रख लें।
धुस्का का असली स्वाद उसके बैटर को फेंटने में छिपा होता है। सबसे पहले चावल और दोनों दालों को अच्छे से धोकर कम से कम 4 से 5 घंटे पानी में भिगोकर रखें। इसके बाद चावल को थोड़ा पानी डालकर पीस लें और अलग बर्तन में निकालें।
अब दाल, हरी मिर्च और अदरक को भी मिक्सी में डालकर एकदम महीन पीस लें। दोनों के गाढ़े घोल को एक बड़े कटोरे में मिला लें। अब इसमें जीरा, हींग, हल्दी, नमक और हरा धनिया डालकर कम से कम 2 से 3 मिनट तक एक ही दिशा में अच्छी तरह फेंटें ताकि बैटर में हवा भर जाए।
कढ़ाई में तेल को मध्यम-तेज आंच पर अच्छी तरह गर्म करें। अब बैटर को एक गहरे चमचे (कड़छी) में भरकर गर्म तेल के ठीक बीचों-बीच धीरे से डालें। बैटर डालते ही अपने आप फूलकर ऊपर तैरने लगेगा।
मटर पनीर का स्वाद भी भूल जाएंगे! यूपी-बिहार की इस देसी रेसिपी से मिनटों में बनाएं स्पाइसी मटर निमोना
अब इसे पलटकर दोनों तरफ से हल्का सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें। इस तरह आपका गरमा-गरम धुस्का बनकर तैयार हो जाएगा। इसे तीखी-चटपटी आलू-चने की घुघनी या फिर हरे धनिये और टमाटर की चटनी के साथ परोसें।
Location : New Delhi
Published : 22 September 2026, 1:18 PM IST