
कोरोना के नए मामले (Img- Envato)
New Delhi: उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश से आए कोरोना के कुछ नए मामलों ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर लॉकडाउन 2026 जैसी चर्चाओं को हवा दे दी है। साल 2020 की भयावह यादों के कारण लोग सोशल मीडिया पर वायरस की वापसी को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं।
हालांकि, स्वास्थ्य विभाग और विशेषज्ञों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की कतई आवश्यकता नहीं है। इस बीच, राज्यों के स्वास्थ्य विभागों ने एहतियात के तौर पर निगरानी तेज कर दी है ताकि किसी भी संभावित खतरे को शुरुआत में ही रोका जा सके।
देश के विभिन्न हिस्सों से मिल रहे मामले यह दर्शाते हैं कि वायरस पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। उत्तर प्रदेश के वाराणसी (काशी हिंदू विश्वविद्यालय) में सांस की तकलीफ के बाद एक 27 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिसका इलाज चल रहा है।
वहीं, सबसे ज्यादा हलचल आंध्र प्रदेश में देखी गई, जहां कडप्पा और अन्नमैया जिले में संक्रमण के कारण दो मौतें दर्ज की गई हैं और वर्तमान में 8 एक्टिव केस हैं।
इन मामलों के बाद स्वास्थ्य प्रशासन ने मरीजों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वायरस ने कोई नया रूप अख्तियार किया है या यह पुराना म्यूटेशन ही है। इसके अलावा आर्थिक राजधानी मुंबई में भी नए मामले दर्ज किए गए हैं।
भले ही लॉकडाउन की कोई संभावना नहीं है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि लापरवाही बरती जाए। बुजुर्गों और पहले से हृदय रोग, शुगर (डायबिटीज) या ब्लड प्रेशर जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
भीड़भाड़ वाले इलाकों या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करते समय मास्क पहनना और हाथों की स्वच्छता बनाए रखना इस वायरस के साथ-साथ मौसमी प्रदूषण और अन्य संक्रमणों से भी सुरक्षा प्रदान करता है। किसी भी प्रकार के लक्षण जैसे तेज बुखार, खांसी या सांस लेने में तकलीफ होने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेना ही इसका सबसे सुरक्षित उपाय है।
Location : New Delhi
Published : 14 July 2026, 12:48 PM IST
Topics : COVID 19 COVID 19 in India Health News UP News