
अपार आईडी अभियान की धीमी रफ्तार (Image Source: AI Generated)
Sultanpur: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में विद्यार्थियों के शैक्षिक दस्तावेजों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित रखने की केंद्र सरकार की योजना जिले में अपेक्षित गति नहीं पकड़ पा रही है। अपार आईडी बनाने की कवायद के बावजूद जिले के करीब एक तिहाई विद्यार्थी अब तक इस सुविधा से नहीं जुड़ सके हैं। कुल 5,14,777 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 1,55,261 की अपार आईडी लंबित है। मदरसों में स्थिति सबसे अधिक खराब है। यहां 38.78 प्रतिशत विद्यार्थियों का पंजीकरण नहीं हो सका है। निजी विद्यालय भी इस मामले में पीछे हैं, जहां 34.69 फीसदी विद्यार्थियों की डिजिटल पहचान अधूरी है।
केंद्र सरकार ने अक्टूबर 2023 में अपार (ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री) योजना की शुरुआत की थी। इसके तहत प्रत्येक विद्यार्थी को 12 अंकों की विशिष्ट पहचान दी जाती है। इसमें परीक्षा परिणाम, अंकपत्र, प्रमाणपत्र और शैक्षणिक उपलब्धियों का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की व्यवस्था है। इसका मकसद विद्यार्थियों के शैक्षिक दस्तावेजों को एक जगह उपलब्ध कराना और स्कूल या संस्थान बदलने की स्थिति में रिकॉर्ड के हस्तांतरण को आसान बनाना है।
ये भी पढ़ें: सुलतानपुर में एक ही घर पर टूटी मुसीबतों की दीवार! लगातार दो हादसों से दहला परिवार
शिक्षा विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, जिले के 3670 विद्यालयों में अपार आईडी बनाने की प्रक्रिया संचालित है। अब तक करीब 3.59 लाख विद्यार्थियों की आईडी तैयार हो चुकी है, जबकि 1,55,261 विद्यार्थी अभी इस सुविधा से बाहर हैं। जिले के आठ मदरसों में पंजीकृत 11,164 विद्यार्थियों में से 4,329 की आईडी नहीं बन पाई है। वहीं, 1496 निजी विद्यालयों में 1,09,881 विद्यार्थियों का पंजीकरण अधूरा है। परिषदीय और राजकीय विद्यालय भी अभी शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल नहीं कर सके हैं।
अपार आईडी बनाने की धीमी रफ्तार के बीच विद्यालयों की जवाबदेही तय करने की जरूरत महसूस की जा रही है। लंबित पंजीकरण वाले विद्यालयों को चिह्नित कर नियमित समीक्षा और निगरानी की जाए तो अभियान में तेजी आ सकती है। खासकर उन विद्यार्थियों का डाटा प्राथमिकता से दुरुस्त कराना होगा, जिनका पंजीकरण तकनीकी या दस्तावेजी खामियों के कारण अटका हुआ है।
ये भी पढ़ें: गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर सुलतानपुर में भव्य शोभायात्रा, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह के मुताबिक, अपार आईडी बनाने में देरी की प्रमुख वजह पोर्टल पर विद्यार्थियों का डाटा अपलोड नहीं होना है। इसके अलावा आधार कार्ड और विद्यालय के अभिलेखों में नाम या अन्य विवरणों का अंतर भी पंजीकरण में बाधा बन रहा है। कई मामलों में अभिभावकों की सहमति नहीं मिलने से भी प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। संबंधित विद्यालयों को अभिलेखों की त्रुटियां ठीक कराकर लंबित पंजीकरण पूरा कराने के लिए कहा जा रहा है।
Location : Sultanpur
Published : 25 November 2026, 5:31 PM IST