हिंदी
CRPF-CISF सुरक्षा में पहुंचेंगे प्रश्नपत्र
New Delhi: मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-2026 की निष्पक्षता और गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार ने अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। देशभर में 21 जून को होने वाली परीक्षा के लिए प्रश्नपत्रों और OMR शीट्स की ढुलाई अब केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की निगरानी में होगी। गृह मंत्रालय की मंजूरी के बाद CRPF और CISF को परीक्षा सामग्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस बार गोपनीय परीक्षा सामग्री को देश के 551 शहरों तक पहुंचाने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा तंत्र तैयार किया गया है। खास बात यह है कि प्रश्नपत्रों की खेप ले जाने वाले विमानों और हेलीकॉप्टरों में भी CAPF जवान साथ मौजूद रहेंगे, ताकि किसी भी स्तर पर लीक या छेड़छाड़ की आशंका को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
परीक्षा सामग्री का वितरण हैदराबाद और अहमदाबाद स्थित ओरिजिन हब से किया जाएगा। इसके बाद 'हब एंड स्पोक' मॉडल के जरिए लेग-1, लेग-2 और लेग-3 हब के माध्यम से सामग्री देशभर के परीक्षा केंद्रों तक पहुंचेगी। इस पूरी प्रक्रिया में हवाई और सड़क, दोनों माध्यमों का उपयोग किया जाएगा।
NEET री-एग्जाम से पहले बड़ा अलर्ट! एक गलती पड़ सकती है भारी, EOU ने छात्रों को दी सख्त चेतावनी
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने प्रश्नपत्रों और परीक्षा के बाद OMR शीट्स के सुरक्षित परिवहन के लिए दो-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। संवेदनशील हब, एयरपोर्ट, हेलीपैड और ट्रांजिट प्वाइंट्स पर CRPF और CISF के जवान तैनात रहेंगे।
परीक्षा सामग्री की पैकिंग, लोडिंग, ट्रांसपोर्ट और डिलीवरी के हर चरण पर सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी रहेगी। इससे किसी भी तरह की गड़बड़ी या लापरवाही की संभावना बेहद कम हो जाएगी।
गृह मंत्रालय के निर्देश के अनुसार प्रश्नपत्रों की खेप के साथ CRPF और CISF के चयनित जवान विमान और हेलीकॉप्टर में यात्रा करेंगे। हालांकि भारतीय वायुसेना के सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत उड़ान से पहले उन्हें अपने हथियार जमा कराने होंगे, जिन्हें गंतव्य स्थल पर वापस सौंप दिया जाएगा।
Paper Leak Case: पेपर पहुंचाने में नहीं, लीक रोकने में है समस्या’, NEET मामले पर खान सर का बड़ा बयान
पूरी व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए CRPF और CISF मुख्यालय में विशेष नोडल अधिकारी नियुक्त किए जा रहे हैं। ये अधिकारी NTA, डाक विभाग और अन्य एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखेंगे।
पिछले वर्षों में परीक्षा सुरक्षा को लेकर उठे सवालों के बाद इस बार केंद्र सरकार और NTA कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं हैं। 551 शहरों तक केंद्रीय सुरक्षा बलों की निगरानी में प्रश्नपत्र पहुंचाने का फैसला इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। उद्देश्य स्पष्ट है—NEET-2026 को पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाना।
Location : New Delhi
Published : 12 June 2026, 2:26 PM IST
No related posts found.