PET-2026: गोरखपुर में 1.39 लाख अभ्यर्थियों में से 38 हजार से ज्यादा ने छोड़ा मैदान!

गोरखपुर में PET-2026 की परीक्षा तीन दिनों के बाद संपन्न हो गई। जिले के 52 केंद्रों पर छह पालियों में आयोजित परीक्षा में एक लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि 38 हजार से अधिक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। अंतिम दिन की दोनों पालियों में भी हजारों अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 November 2026, 7:21 PM IST

Gorakhpur:  उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 गोरखपुर में तीन दिनों तक छह पालियों में आयोजित हुई। रविवार एक नवंबर को अंतिम दिन की दोनों पालियों की परीक्षा भी 52 केंद्रों पर सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। तीन दिनों में कुल 1,01,093 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 38,155 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रत्येक पाली में 23,208 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी।

पहली और दूसरी पाली में इतने लोगों ने दी परीक्षा

रविवार को अंतिम दिन पहली पाली में 17,192 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 6,016 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 17,215 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया और 5,993 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार अंतिम दिन दोनों पालियों में कुल 34,407 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 12,009 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे।

ये भी पढ़ें- सफाई के दौरान बोगी में आखिर किसका मिला शव? कासगंज GRP खंगाल रही पहेली, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पिछला दिन कैसा रहा?

इससे पहले 25 अक्टूबर को पहले दिन की दोनों पालियों में 34,516 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी, जबकि 11,900 अनुपस्थित रहे थे। वहीं 30 अक्टूबर को दूसरे दिन 32,170 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 14,246 अनुपस्थित रहे। पहले दिन पहली पाली में 17,192 और दूसरी पाली में 17,324 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। दूसरे दिन पहली पाली में 16,189 और दूसरी पाली में 15,981 अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

अंतिम पाली की परीक्षा देकर परीक्षा केंद्र से बाहर निकलते अभ्यार्थी (Img: Dynamite News)

व्यापक सुरक्षा के बीच हुई परीक्षा

परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देशन में व्यापक इंतजाम किए गए थे। परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की। सभी 52 केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे, जबकि सेक्टर मजिस्ट्रेटों को भी केंद्रों की निगरानी और परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

ये भी पढ़ें- Kasganj: दुकान से उठाकर पुलिस गाड़ी में बैठाया सर्राफा व्यापारी, भड़के कारोबारी! SP के सामने पहुंचा मामला

एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मी प्रवेश व्यवस्था से लेकर परीक्षा समाप्त होने तक मुस्तैद रहे। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के साथ बस स्टेशन और प्रमुख आवागमन स्थलों पर भी विशेष सतर्कता बरती गई। डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ पूरी परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयास से तीन दिवसीय परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई।

Location :  Gorakhpur

Published :  1 November 2026, 7:21 PM IST