बिहार बोर्ड मैट्रिक का रिजल्ट 2026 जारी हो चुका है, जिसमें कुल 81.79% छात्र पास हुए हैं। वैशाली की सबरीन परवीन और जमुई की पुष्पांजलि कुमारी ने 492 अंक लाकर टॉप किया। छात्राओं ने इस बार शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया।

बिहार की टॉपर सबरीन परवीन (Img- Internet)
Patna: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस बार कुल 81.79% छात्र सफल हुए हैं, जो पिछले वर्षों की तुलना में संतोषजनक माना जा रहा है। परिणाम जारी होने के साथ ही छात्रों और अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
इस वर्ष वैशाली जिले की सबरीन परवीन ने पूरे बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। चेहरा कला प्रखंड के छौराही गांव की रहने वाली सबरीन ने 500 में से 492 अंक हासिल किए, जो लगभग 98.4% है। वह उच्च माध्यमिक विद्यालय छौहारी की छात्रा हैं।
सबरिन परवीन के पिता मोहम्मद सज्जाद आलम पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट में टायर की दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। रिजल्ट आने के बाद पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। पिता ने मीडिया से बातचीत में बताया कि बेटी की सफलता से वह बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं।
इस बार जमुई (सिमुलतला) की पुष्पांजलि कुमारी ने भी 492 अंक प्राप्त कर सबरीन के साथ संयुक्त रूप से टॉप किया है। दोनों छात्राओं के शानदार प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया कि इस साल छात्राओं का दबदबा रहा है।
Bihar Board Result Update: खुशखबरी! बिहार बोर्ड 12वीं का रिजल्ट जारी, छात्र ऐसे चेक करें परिणाम
मैट्रिक परीक्षा 2026 में छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों की तुलना में बेहतर रहा है। टॉपर्स की सूची में भी बेटियों का नाम अधिक देखने को मिला, जिससे उनकी मेहनत और प्रतिभा का एक बार फिर प्रमाण मिला है।
इस वर्ष कुल 12,35,743 छात्र सफल घोषित किए गए हैं। परीक्षा में 15 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे। परीक्षा 17 फरवरी से 26 फरवरी तक राज्यभर के 1762 केंद्रों पर आयोजित की गई थी।
शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने रिजल्ट जारी किया। इस मौके पर बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर भी उपस्थित रहे। दोनों ने छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
बस कुछ ही पल बाकी, आज इतने बजे जारी होगा Bihar Board 10th Result 2026; ऐसे करें सबसे पहले चेक
छात्र अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट्स पर जाकर रोल नंबर और रोल कोड के माध्यम से आसानी से देख सकते हैं।