
दो शातिर गिरफ्तार
Deoghar: जिला एक बार फिर साइबर अपराधियों की धरपकड़ को लेकर सुर्खियों में है। पुलिस कप्तान सौरभ के कड़े निर्देशों के बाद जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर थाने की पुलिस ने दो शातिर ठगों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। ये गिरफ्तारियां उस वक्त हुई हैं जब शहर में आए दिन साइबर ठगी की खबरें आम जनता की नींद उड़ा रही हैं।
पकड़े गए अपराधियों की पहचान सिरा राम रवानी और राजेश रवानी के रूप में हुई है। यह जांत इलाके के रहने वाले हैं। इनके पास से पुलिस ने 3 मोबाइल फोन और 4 सिम कार्ड बरामद किए हैं। ये अपराधी कोई साधारण ठग नहीं थे, बल्कि बड़े ही शातिर तरीके से आम लोगों की मेहनत की कमाई पर डाका डाल रहे थे।
जांच में यह बड़ा खुलासा हुआ है कि ये ठग PM किसान योजना का झांसा देकर, धनी फाइनेंस के नाम पर फर्जी लोन दिलाने, PhonePe और Paytm पर कैशबैक का लालच देने के साथ-साथ एयरटेल पेमेंट्स बैंक का अधिकारी बनकर लोगों के खाते से पैसे उड़ाने में माहिर थे। ये शातिर अपराधी कभी फर्जी लिंक भेजते तो कभी कस्टमर केयर बनकर उपभोक्ताओं को डिजिटल सेंधमारी का शिकार बना रहे थे।
देवघर में साइबर क्राइम का ग्राफ जिस तेजी से बढ़ रहा है। उसने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती पेश कर दी है। हाल ही में एक महिला के खाते से लाखों की अवैध निकासी और एक बुजुर्ग दंपति के साथ हुई ठगी की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया था। आए दिन सामने आ रहे ये मामले बताते हैं कि साइबर अपराधी अब हर घर के दरवाजे पर डिजिटल सेंधमारी करने को तैयार बैठे हैं।
Jharkhand News: देवघर अस्पताल में बड़ा बदलाव, अब हाईटेक मशीनों से होगा झटपट इलाज
एसपी के निर्देश पर डीएसपी के नेतृत्व में गठित टीम ने इस गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ यह जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी। वहीं, आम जनता से भी अपील की गई है कि वे किसी भी अनजान लिंक या लुभावने ऑफर्स के चक्कर में न आएं, क्योंकि आपकी एक छोटी सी लापरवाही आपकी पूरी जमापूंजी को खत्म कर सकती है।
Location : Deoghar
Published : 6 April 2026, 5:35 AM IST