
ISIS से जुड़ा संदिग्ध आतंकी अशहर दानिश गिरफ्तार
Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में एक बड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। झारखंड एटीएस, दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम और रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार देर रात एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया गया। पकड़ा गया युवक अशहर दानिश है, जो बोकारो जिले के पेटवार गांव का निवासी है। वह इस्लाम नगर स्थित एक लॉज में छुपकर रह रहा था।
सूत्रों के मुताबिक, अशहर दानिश पर आतंकवादी संगठन ISIS से संबंध रखने का संदेह है। दिल्ली पुलिस को उसकी तलाश थी, क्योंकि उसके खिलाफ दिल्ली में एक आतंकी साजिश से जुड़ा मामला दर्ज है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम को अशहर के रांची में छिपे होने की सूचना मिली, जिसके बाद झारखंड एटीएस और रांची पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
इसके बाद तीनों एजेंसियों ने संयुक्त रूप से इस्लाम नगर के एक लॉज में छापेमारी की, जहां अशहर को हिरासत में लिया गया। पुलिस की कार्रवाई मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ शुरू कर दी गई है और उससे कई अहम जानकारियां मिलने की संभावना जताई जा रही है।
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स-इंटरनेट)
छापेमारी के दौरान पुलिस को कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस और संदिग्ध सामग्री बरामद हुई है। फिलहाल जब्त सामग्रियों की जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि अशहर दानिश का नेटवर्क किस-किस शहर में फैला हुआ है और उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे।
बताया जा रहा है कि इस्लाम नगर का इलाका पहले भी संदिग्ध गतिविधियों के चलते सुरक्षा एजेंसियों की नजर में रहा है। इससे पहले भी रांची में आतंकी गतिविधियों से जुड़े कई मामलों में गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। रांची में पकड़े गए अशहर दानिश के साथ जुड़े अन्य संभावित लोगों की तलाश भी जारी है।
गौरतलब है कि हाल ही में देशभर में आतंकवादी नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में अब तक 8 संदिग्ध आतंकियों को पकड़ा गया है, जिनमें से 6 हिरासत में हैं और 2 को गिरफ्तार किया गया है। रांची से अशहर दानिश और दिल्ली से आफताब नामक एक अन्य संदिग्ध को अरेस्ट किया गया है। आफताब मुंबई का निवासी है और उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।
Ranchi News: रांची में भूपल साहू हत्याकांड से मचा हड़कंप, मर्डक की वजह ने सभी को चौंकाया
पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और लॉज के सभी कमरों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अशहर अकेला था या किसी और के साथ आया था। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
Location : Ranchi
Published : 10 September 2025, 11:33 AM IST
Topics : Delhi Police ISIS Jharkhand ATS Ranchi News