
बाबा बैद्यनाथ धाम (सोर्स: डाइनामाइट न्यूज़)
Deoghar: बाबा बैद्यनाथ धाम में अब आस्था और प्रशासन आमने-सामने नजर आ रहे हैं। मंदिर में कथित अव्यवस्था, प्रशासनिक दखल और भ्रष्टाचार के खिलाफ तीर्थ पुरोहितों ने जोरदार विरोध दर्ज करते हुए मंदिर कार्यालय परिसर में धरना दिया। पंडा धर्मरक्षिणी सभा के नेतृत्व में हुए इस आंदोलन ने पूरे देवघर में हलचल मचा दी है।
लगाए गंभीर आरोप
धरना का नेतृत्व सभा के महामंत्री निर्मल झा और वरीय उपाध्यक्ष चंद्रशेखर खवाड़े ने किया। इस दौरान पुरोहितों ने साफ कहा कि मंदिर में तैनात पुलिसकर्मी और मजिस्ट्रेट मनमाने ढंग से श्रद्धालुओं को प्रवेश करा रहे हैं, जिससे परंपरागत पूजा व्यवस्था और पुरोहितों की आजीविका पर सीधा असर पड़ रहा है।
VIP के नाम पर मनमानी
प्रदर्शन के दौरान तीखे आरोप लगाते हुए कहा गया कि मंदिर प्रशासन VIP दर्शन की आड़ में अवैध वसूली और पक्षपात को बढ़ावा दे रहा है। पुरोहितों ने चेतावनी भरे लहजे में कहा- प्रोटोकॉल के तहत आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग व्यवस्था (फिलपाया) स्वीकार्य है, लेकिन VIP के नाम पर मनमानी और पुलिस की कथित सांठगांठ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुरोहितों ने यह भी आरोप लगाया कि मंदिर प्रशासन विरोध की आवाज दबाने के लिए FIR दर्ज कर झूठे मुकदमे थोपने का काम करता है। इसे उन्होंने आस्था के साथ अन्याय करार दिया।
न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा
सभा के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि देश के किसी भी मंदिर में प्रशासन को आंतरिक धार्मिक व्यवस्था में हस्तक्षेप का अधिकार नहीं है। उन्होंने यह भी दावा किया कि सर्वोच्च न्यायालय ने भी पूजा-पाठ की प्रक्रिया में पुलिस हस्तक्षेप को अनुचित ठहराया है। अंत में चेतावनी दी गई कि अगर उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा।
Location : Deoghar
Published : 16 April 2026, 4:22 PM IST