धनबाद कोर्ट परिसर को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और डॉग स्क्वाड ने घंटों सर्च ऑपरेशन चलाया लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने बताया कि धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल की टीम को लगाया गया है।

धनबाद कोर्ट
Dhanbad: धनबाद कोर्ट परिसर में गुरुवार को अचानक अफरा-तफरी मच गई। जब एक ईमेल ने पूरे सिस्टम को हिला कर रख दिया। अज्ञात शख्स ने कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। यह कोई पहली घटना नहीं है। लगातार तीसरी बार इस तरह की धमकी मिलने से मामला और भी गंभीर हो गया है।
धनबाद कोर्ट में तीसरी बार ईमेल से बम धमकी, पुलिस अलर्ट मोड में।#DhanbadCourt #BombThreat #JharkhandNews pic.twitter.com/JPOlwSaulE
— DynamiteNews Internal (@internal38928) March 26, 2026
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया। सदर थाना पुलिस के साथ अन्य थानों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे कोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया। विशेष डॉग स्क्वाड को बुलाकर हर कमरे, गलियारे, पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की गई। घंटों चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
मौके पर मौजूद सीसीआर डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सभी जरूरी कदम उठाए गए। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह एक फर्जी ईमेल प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रही है। हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल की टीम को लगाया गया है। मेल भेजने वाले की पहचान होते ही उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों ने कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है लेकिन इस तरह की बार-बार मिल रही धमकियों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अब इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच कर रही है। जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।