
पूर्व विदेश सचिव और वरिष्ठ राजनयिक कंवल सिब्बल (Img X)
नई दिल्ली: भारत पर 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने के अमेरिकी प्रस्ताव को लेकर विवाद बढ़ गया है। पूर्व विदेश सचिव और वरिष्ठ राजनयिक कंवल सिब्बल ने ट्रंप प्रशासन की इस पहल को भारत को आर्थिक रूप से ब्लैकमेल करने का हथकंडा बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका विनिर्माण के अत्याधुनिक क्षेत्रों में भारत की प्रगति को रोकना चाहता है। दिलचस्प बात यह है कि बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत ने भी वैश्विक शक्तियों की ओर से भारत की प्रगति में बाधा डालने की आशंका जताई थी।
कंवल सिब्बल ने अमेरिकी प्रशासन के नए टैरिफ प्रस्ताव की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव दर्शाता है कि अमेरिका विनिर्माण क्षेत्र में भारत के विकास का विरोध करता है। उनके मुताबिक, अमेरिका आर्थिक दबाव बनाकर भारत को पीछे धकेलना चाहता है।
पूर्व विदेश सचिव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) के दावों को दुर्भावनापूर्ण बताया। उन्होंने आशंका जताई कि इस घटनाक्रम के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते की संभावनाएं भी कमजोर पड़ सकती हैं।
US Tariff: भारत को मिलेगी राहत या बढ़ेगा टैरिफ? जानिए ट्रंप की सेक्शन 301 जांच के मायने
अमेरिका का आरोप है कि भारत घरेलू बाजार की मांग से अधिक उत्पादन क्षमता विकसित कर रहा है, जिससे अमेरिकी औद्योगिक हितों को नुकसान पहुंच सकता है। इसी आधार पर अमेरिकी प्रशासन ने भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है।
हालांकि, भारत सरकार के जवाब के मुताबिक, अमेरिकी वाणिज्य विभाग के आकलन में भी भारत में इस तरह की अतिरिक्त उत्पादन क्षमता का ढांचा नहीं पाया गया है।
यूएसटीआर के मुताबिक, यदि भारत और अमेरिका के बीच पारस्परिक व्यापार समझौते पर सहमति बनती है, तो प्रस्तावित टैरिफ की दर 25 प्रतिशत से घटाकर 17 प्रतिशत तक की जा सकती है।
टैरिफ को लेकर जारी खींचतान के बावजूद अमेरिका भारत का सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य बना हुआ है। चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में भारत ने अमेरिका को 59.52 अरब डॉलर का निर्यात किया है। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह आंकड़ा 52 अरब डॉलर था।
बुधवार को महाराष्ट्र के संभाजीनगर में आयोजित एक कार्यक्रम में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा था कि दुनिया की शक्तियां भारत की प्रगति नहीं चाहतीं। उन्होंने दावा किया था कि वैश्विक शक्तियों को भारत के आगे बढ़ने से अपने आर्थिक हित प्रभावित होने का डर है। भागवत ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के संकल्प पर भी जोर दिया था।
US Citizenship Rule: ट्रंप को फिर लगा झटका, जन्मसिद्ध नागरिकता पर नए आदेश को अदालत ने किया खारिज
कंवल सिब्बल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी अमेरिका यात्रा के द्विपक्षीय परिणामों को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अमेरिका के साथ काम करना अब आसान नहीं रह गया है।
इस साल 21वां जी20 शिखर सम्मेलन अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित मियामी में 14 और 15 दिसंबर को आयोजित होना है। इससे पहले 10 से 12 दिसंबर के बीच शेरपाओं की अंतिम बैठक निर्धारित है। ऐसे में भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक बातचीत पर भी निगाहें रहेंगी।
Location : New Delhi
Published : 26 November 2026, 3:02 PM IST