एक तरफ मोदी-ट्रम्प की बैठक, दूसरी तरफ सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारी; मनीला में क्यों मचा बवाल?

पीएम नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प आज फिलीपींस के मनीला में क्वाड बैठक में शामिल होंगे। हिंद-प्रशांत सुरक्षा, चीन, समुद्री व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर चर्चा की संभावना है। वहीं, ट्रम्प की यात्रा के विरोध में मनीला में प्रदर्शन भी हो रहे हैं।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 17 November 2026, 9:02 AM IST

New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में मुलाकात करेंगे। दोनों नेता क्वाड देशों की अहम बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा, समुद्री व्यापारिक रास्तों की रक्षा और जरूरी खनिजों की सप्लाई जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

इस बीच ट्रम्प की फिलीपींस यात्रा को लेकर मनीला में विरोध प्रदर्शन भी शुरू हो गए हैं। प्रदर्शनकारी अमेरिकी नीतियों और ट्रम्प के दौरे का विरोध कर रहे हैं। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आसियान सम्मेलन स्थल की ओर बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई।

क्वाड बैठक में चार देशों के नेता होंगे शामिल

क्वाड समूह में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। इसका मुख्य उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सहयोग को मजबूत करना है। मनीला में होने वाली इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची भी शामिल होंगी।

चारों देशों के नेताओं की इससे पहले सितंबर 2024 में अमेरिका के डेलावेयर में मुलाकात हुई थी। उस समय तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने बैठक की अध्यक्षता की थी। बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र और खुला बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई गई थी। इसके साथ ही समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी थी।

व्हाइट हाउस की असिस्टेंट प्रेस सेक्रेटरी ओलिविया वेल्स के मुताबिक, इस बार की बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, समृद्धि और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर बातचीत होगी।

जरूरी खनिजों और समुद्री व्यापारिक रास्तों पर रहेगी नजर

क्वाड बैठक में जरूरी खनिजों की सप्लाई चेन को मजबूत करने और समुद्री व्यापारिक रास्तों की सुरक्षा का मुद्दा अहम रह सकता है। दुनिया के कई हिस्सों में जारी संघर्ष के बीच ऊर्जा आपूर्ति और व्यापारिक मार्गों को सुरक्षित रखना बड़ी चुनौती बन गया है।

बैठक में इस बात पर चर्चा हो सकती है कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों की आवाजाही बिना किसी बाधा के जारी रहे। समुद्री रास्तों पर होने वाले हमलों और ऊर्जा की सप्लाई प्रभावित होने से पैदा होने वाली चुनौतियां भी बातचीत का हिस्सा बन सकती हैं।

पीएम मोदी का मनीला में स्वागत

ट्रम्प की यात्रा के विरोध में मनीला की सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारी

एक तरफ मनीला में क्वाड बैठक की तैयारियां चल रही हैं, तो दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दौरे का विरोध भी हो रहा है। 15 और 16 नवंबर को प्रदर्शनकारियों ने मार्च निकालकर अमेरिकी नीतियों और ट्रम्प की यात्रा के खिलाफ आवाज उठाई।

प्रदर्शनकारी आसियान सम्मेलन स्थल की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शन में न्यू पैट्रियॉटिक अलायंस से जुड़े कार्यकर्ता भी शामिल थे।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे टेडी कैसीनो ने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की आलोचना की। उनका कहना था कि सरकार को विदेशी नेताओं के स्वागत और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों पर ध्यान देने के बजाय देश के आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता देनी चाहिए।

महंगाई और पैक्स सिलिका परियोजना को लेकर भी नाराजगी

प्रदर्शनकारियों ने फिलीपींस में बढ़ती महंगाई और आर्थिक संकट का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप है कि ईरान युद्ध के कारण देश की अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ रहा है और आम लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं।

इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका की पैक्स सिलिका परियोजना का भी विरोध किया। उनका कहना है कि इस परियोजना के चलते हजारों आदिवासी लोगों को विस्थापन का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने पर्यावरण को संभावित नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई है।

तीन दिवसीय दौरे पर मनीला पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को तीन दिवसीय दौरे पर फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका पारंपरिक तरीके से फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की ओर से आयोजित आसियान गाला डिनर में हिस्सा लिया।

इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी फिलीपींस की पारंपरिक पुरुष पोशाक 'बारोंग टैगलॉग' पहने नजर आए। वह विशेष रूप से तैयार की गई टुक-टुक से कार्यक्रम स्थल पहुंचे।

अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में भी शामिल होंगे। इन बैठकों में खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा, क्षेत्रीय शांति, प्रवासी मजदूरों की स्थिति और अंतरराष्ट्रीय अपराध जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हो रही है।

दक्षिण चीन सागर में चीन के साथ विवाद भी अहम मुद्दा

आसियान सम्मेलन में दक्षिण चीन सागर को लेकर चीन और आसियान देशों के बीच जारी विवाद भी चर्चा के केंद्र में है। इस क्षेत्र में समुद्री सीमाओं और अधिकारों को लेकर लंबे समय से तनाव बना हुआ है।

तनाव कम करने के लिए चीन और आसियान देश आचार संहिता तैयार करने पर बातचीत कर रहे हैं। इसके मसौदे के करीब 80 प्रतिशत हिस्से पर सहमति बनने की बात सामने आई है, हालांकि कुछ अहम मुद्दों पर अभी भी मतभेद बने हुए हैं।

सम्मेलन के समापन पर फिलीपींस आसियान की अध्यक्षता सिंगापुर को सौंप देगा।

भारत के लिए क्यों अहम है आसियान सम्मेलन?

भारत के लिए आसियान दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों के साथ व्यापारिक, रणनीतिक और सुरक्षा संबंध मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच है। भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी का उद्देश्य भी इस क्षेत्र के देशों के साथ सहयोग बढ़ाना है।

भारत चाहता है कि आसियान देशों के साथ व्यापार का विस्तार हो, सड़क और समुद्री संपर्क बेहतर बने और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर मिलकर काम किया जाए। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखना भी भारत की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

भारत और आसियान ने 2026 को समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मनाने का फैसला किया है। वहीं, 2027 में भारत और आसियान के बीच बातचीत शुरू होने के 35 साल और मजबूत रणनीतिक साझेदारी के पांच साल पूरे होंगे। ऐसे में मनीला में होने वाला यह सम्मेलन भारत के लिए क्षेत्रीय सहयोग और रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Location :  New Delhi

Published :  17 November 2026, 8:57 AM IST