
रियाद में मिसाइल अटैक (Image Source: Google)
New Delhi: मध्य-पूर्व में जारी तनाव अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच चल रहे टकराव का असर अब पड़ोसी देशों पर भी साफ नजर आने लगा है। ताजा घटनाक्रम में सऊदी अरब की राजधानी रियाद और कतर के महत्वपूर्ण ऊर्जा केंद्रों को निशाना बनाया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में बड़े युद्ध की आशंका गहरा गई है।
इन हमलों ने न केवल क्षेत्रीय सुरक्षा को खतरे में डाल दिया है, बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी इसका असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। ऐसा माना जा रहा है कि हालात जल्द नहीं संभले, तो इसका असर दुनिया भर में ईंधन की कीमतों और आपूर्ति पर पड़ सकता है।
सऊदी अरब की राजधानी रियाद की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को वहां की रक्षा प्रणाली ने हवा में ही इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया। हालांकि, मिसाइल के टुकड़े रिहायशी इलाके में गिरने से चार नागरिक घायल हो गए। कुछ इमारतों को भी हल्का नुकसान पहुंचा है।
लारिजानी की हत्या पर ईरान का बड़ा ऐलान, खून की हर बूंद का बदला लेंगे… दुनिया की नजरें टिकीं
सिविल डिफेंस अधिकारियों के अनुसार, स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां संभावित खतरे को देखते हुए लगातार निगरानी कर रही हैं।
दूसरी ओर, कतर के एक प्रमुख गैस संयंत्र को भी मिसाइल हमले का निशाना बनाया गया। कतर, जो दुनिया के सबसे बड़े गैस निर्यातकों में शामिल है, उसके ऊर्जा ढांचे पर यह हमला बेहद गंभीर माना जा रहा है। हमले के बाद संयंत्र को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गैस उत्पादन और आपूर्ति पर असर पड़ सकता है, जिससे अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में अस्थिरता बढ़ने की संभावना है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय पर सामने आया है जब अमेरिका और इजरायल पहले से ही ईरान के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए हैं। ईरान ने पहले ही चेतावनी दी थी कि अगर उसके हितों को नुकसान पहुंचाया गया, तो वह जवाबी कार्रवाई करेगा और उन देशों को भी निशाना बनाएगा जो उसके विरोधियों का समर्थन कर रहे हैं।
चैत्र नवरात्र का शुभारंभ आज: कलश स्थापना के साथ गूंजेगा शंखनाद… भक्तों में जबरदस्त उत्साह
रियाद और कतर पर हुए हमलों को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। इस बढ़ते तनाव ने वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। कूटनीतिक प्रयासों के बावजूद हालात सामान्य होते नहीं दिख रहे हैं। अगर यह टकराव और बढ़ता है, तो इसका असर न केवल मध्य-पूर्व बल्कि पूरी दुनिया पर पड़ेगा। खासतौर पर तेल और गैस की कीमतों में भारी उछाल देखने को मिल सकता है, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ेगा।
Location : New Delhi
Published : 19 March 2026, 3:09 AM IST
Topics : Global Energy Market Impact Iran US Israel Tensions Middle East Conflict Qatar Gas Plant Attack Saudi Arabia Missile Attack