
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन (Source X)
काठमांडू: नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भीमफेदी गांवपालिका-6 स्थित चिसापानी गढ़ी के पास यात्रियों से भरी एक इलेक्ट्रिक वैन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जिले में तैनात सशस्त्र पुलिस बल (APF) के पुलिस अधीक्षक निवान कुमार खड़का के मुताबिक, हादसा गुरुवार सुबह हुआ। वैन सड़क से करीब 700 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। मृतकों में पांच पुरुष, तीन महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं।
APF के अनुसार, हादसे के समय वाहन में कुल 15 लोग सवार थे। इलेक्ट्रिक वैन राजधानी काठमांडू से दक्षिणी सर्लाही जिले के मुख्यालय मलंगवा जा रही थी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मियों और बचाव दल को घटनास्थल पर भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक खड़का ने बताया कि घायलों में से तीन का इलाज बागमती प्रदेश की राजधानी हेटौडा स्थित अस्पताल में चल रहा है। वहीं, दो घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटनास्थल के आसपास शव बिखरे हुए मिले थे। शुरुआती जानकारी में 10 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है।
फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां दुर्घटना की जांच में जुटी हैं।
नेपाल में सड़क दुर्घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। नेपाल पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान सड़क हादसों में 2,707 लोगों की मौत हुई। आंकड़ों के अनुसार, देश में हर दिन औसतन सात लोगों की जान सड़क दुर्घटनाओं में जाती है, जबकि करीब 82 लोग घायल होते हैं।
Location : Kathmandu
Published : 12 November 2026, 12:29 PM IST
Topics : Auraiya Big News nepal Road Accident tourist van