टी20 विश्व कप के महामुकाबले में भारतीय टीम ने अपने चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को चारों खाने चित कर दिया। गेंदबाजी और बल्लेबाजी के दोनों मोर्चों पर टीम इंडिया के सामने पाकिस्तान घुटने टेकने को मजबूर हुआ।

भारत की जोरदार जीत (Image Source: Google)
New Delhi: आज कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए टी20 विश्व कप के हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को पूरी तरह दबाव में रखते हुए शानदार जीत दर्ज की। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया और फिर घातक गेंदबाजी से पाकिस्तान की बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया। ईशान किशन की तूफानी पारी और गेंदबाजों के सटीक प्रदर्शन ने मुकाबले को एकतरफा बना दिया, जिससे भारत ने अपने चिरप्रतिद्वंद्वी के खिलाफ यादगार जीत हासिल की और टूर्नामेंट में मजबूत दावेदारी पेश की।
देखा जाए तो भारत की पारी की नींव, सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने रखी। उन्होंने 40 गेंदों में 77 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें शानदार चौके-छक्कों की बरसात देखने को मिली। शुरुआती झटके के बाद किशन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के स्पिन आक्रमण की रणनीति को ध्वस्त कर दिया। उनकी तेज फिफ्टी भारत-पाक टी20 इतिहास की सबसे तेज अर्धशतकों में शामिल रही और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
सूर्यकुमार यादव ने भी उपयोगी 32 रन जोड़े, जबकि अंत में रिंकू सिंह के कैमियो ने स्कोर को 175 तक पहुंचा दिया, जो टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का सर्वोच्च स्कोर भी बना।
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और रिकॉर्ड 18 ओवर स्पिन डालकर भारत को रोकने की कोशिश की, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने इस योजना को विफल कर दिया। सईम अयूब ने तीन विकेट लेकर कुछ देर के लिए मैच में वापसी कराई, मगर भारतीय बल्लेबाजी की रफ्तार नहीं थम सकी।
176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने नई गेंद से विकेट झटकते हुए पाकिस्तान को 13/3 की स्थिति में पहुंचा दिया। बीच में उस्मान खान ने 44 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन अक्षर पटेल ने उनका विकेट लेकर मैच का रुक बदल दिया।
पूरी पाकिस्तानी टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई और भारत ने एकतरफा अंदाज में मुकाबला जीत लिया।
इस जीत के साथ भारत ने न सिर्फ अपने चिरप्रतिद्वंद्वी को चारों खाने चित किया, बल्कि टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी भी मजबूत कर दी। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग—तीनों विभागों में टीम इंडिया का संतुलित प्रदर्शन देखने को मिला।भारत की यह जीत टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ उसके शानदार रिकॉर्ड को और मजबूत करती है और टीम का मनोबल आगामी मुकाबलों के लिए बढ़ा दिया है।