
ICC प्लेयर ऑफ द मंथ के नॉमिनीज घोषित
ICC Player of the Month: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने मई 2026 के लिए प्रतिष्ठित ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड के नॉमिनीज का एलान कर दिया है। इस बार पुरुष वर्ग में बांग्लादेश के दो अनुभवी खिलाड़ियों और नेपाल के एक स्टार ऑलराउंडर को शॉर्टलिस्ट किया गया है। तीनों खिलाड़ियों ने पिछले महीने अपने शानदार प्रदर्शन से क्रिकेट जगत का ध्यान आकर्षित किया और अपनी टीमों की सफलता में अहम भूमिका निभाई।
मेंस कैटेगरी में सबसे चर्चित नाम बांग्लादेश के अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम का है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शानदार बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश को ऐतिहासिक 2-0 की जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई। मुशफिकुर ने दो टेस्ट मैचों में 63.25 की औसत से 253 रन बनाए। सिलहट टेस्ट में उनकी 137 रनों की शानदार शतकीय पारी मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुई। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का पुरस्कार भी मिला।
ICC का बड़ा एक्शन, क्रिकेट कनाडा की सदस्यता सस्पेंड; जांच के घेरे में कई गंभीर आरोप
बांग्लादेश के बाएं हाथ के स्पिनर तैजुल इस्लाम भी इस अवॉर्ड की दौड़ में मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल 13 विकेट अपने नाम किए। तैजुल ने पूरी सीरीज में 19.61 की औसत से विकेट हासिल किए। दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने 6 विकेट झटककर पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। गेंदबाजी के अलावा उन्होंने बल्ले से भी योगदान देते हुए महत्वपूर्ण 58 रन बनाए।
नेपाल के स्टार ऑलराउंडर दीपेंद्र सिंह ऐरी ने आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 में अपने हरफनमौला प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने मई महीने में खेले गए 6 वनडे मुकाबलों में 49.80 की औसत और 110.66 के स्ट्राइक रेट से 249 रन बनाए। यूएई के खिलाफ उनका शानदार शतक चर्चा का विषय बना। वहीं गेंदबाजी में भी उन्होंने 8 विकेट हासिल किए। अमेरिका के खिलाफ 24 रन देकर 4 विकेट का उनका स्पेल टीम की जीत में निर्णायक साबित हुआ।
आईसीसी ने महिला वर्ग के लिए भी तीन खिलाड़ियों को नामित किया है। इस सूची में इंग्लैंड की तेज गेंदबाज लॉरेन बेल, पाकिस्तान की सलामी बल्लेबाज गुल फिरोजा और न्यूजीलैंड की बल्लेबाज मैडी ग्रीन शामिल हैं। तीनों खिलाड़ियों ने सीमित ओवरों के क्रिकेट में प्रभावशाली प्रदर्शन कर अपनी टीमों को महत्वपूर्ण सफलता दिलाई है।
आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के विजेता का चयन फैंस की वोटिंग और आईसीसी वोटिंग अकादमी के विशेषज्ञ पैनल के संयुक्त निर्णय के आधार पर किया जाएगा। विजेताओं के नाम जून के दूसरे सप्ताह के अंत तक घोषित किए जाने की संभावना है। अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि मई 2026 का यह प्रतिष्ठित सम्मान आखिर किस खिलाड़ी के नाम होता है।
Location : New Delhi
Published : 11 June 2026, 12:53 PM IST