हिंदी
मेक्सिको ने वर्ल्ड कप का पहला मैच जीता
New Delhi Desk : फीफा विश्व कप 2026 (FIFA World Cup) के उद्घाटन मुकाबले में सह-मेजबान मेक्सिको ने अपने घरेलू दर्शकों के सामने दमदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से शिकस्त दी। खचाखच भरे मेक्सिको सिटी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मेक्सिको ने शुरुआत से अंत तक खेल पर नियंत्रण बनाए रखा और जूलियन क्विनोन्स तथा राउल जिमेनेज के गोल की बदौलत टूर्नामेंट में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।
मैच से पहले आयोजित भव्य उद्घाटन समारोह ने दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया। हॉलीवुड अभिनेत्री सलमा हायेक और फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने विश्व कप 2026 की औपचारिक शुरुआत की। इसके बाद विश्व कप ट्रॉफी को स्टेडियम में प्रदर्शित किया गया, जिसे देखकर दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया।
मुकाबले की शुरुआत से ही मेक्सिको ने आक्रामक खेल दिखाया। टीम को इसका फायदा नौवें मिनट में मिला। जब जूलियन क्विनोन्स ने शानदार मूव को गोल में बदलते हुए मेक्सिको को 1-0 की बढ़त दिला दी। शुरुआती बढ़त मिलने के बाद भी मेक्सिको ने हमले जारी रखे और दक्षिण अफ्रीका की रक्षापंक्ति को लगातार दबाव में रखा।
FIFA World Cup 2026 का आगाज : लाखों फैन्स के बीच शकीरा का जलवा, एज़्टेका स्टेडियम में छाया जादू
दक्षिण अफ्रीका के लिए पहला हाफ काफी मुश्किल रहा। 17वें मिनट में तेबोहो मोकोएना को यलो कार्ड मिला। 25वें मिनट में खिलाड़ियों को राहत देने के लिए हाइड्रेशन ब्रेक लिया गया। इसके बाद भी दक्षिण अफ्रीका वापसी नहीं कर सका और पहला हाफ मेक्सिको की 1-0 की बढ़त के साथ समाप्त हुआ।
दूसरे हाफ की शुरुआत में ही दक्षिण अफ्रीका को बड़ा झटका लगा। 49वें मिनट में स्पेफेलो सिथोले को रेड कार्ड दिखाया गया। जिसके बाद टीम को लगभग पूरा हाफ 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। इस फैसले ने मुकाबले का रुख पूरी तरह मेक्सिको की ओर मोड़ दिया।
एक खिलाड़ी की बढ़त का फायदा उठाते हुए मेक्सिको ने लगातार हमले जारी रखे। 67वें मिनट में अनुभवी स्ट्राइकर राउल जिमेनेज ने शानदार गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के लिए वापसी की संभावनाएं लगभग खत्म हो गईं।
84वें मिनट में VAR समीक्षा के बाद दक्षिण अफ्रीका के थेम्बा ज्वाने को भी रेड कार्ड दिखाया गया। इसके साथ ही टीम नौ खिलाड़ियों तक सिमट गई। हालांकि इंजरी टाइम में मेक्सिको के सीजर मॉन्टेस को भी रेड कार्ड मिला। तब तक मुकाबले का परिणाम लगभग तय हो चुका था।
अंतिम सीटी बजते ही मेक्सिको के खिलाड़ी और हजारों घरेलू समर्थक जश्न में डूब गए। 2-0 की इस जीत के साथ मेक्सिको ने न केवल टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की। बाकी टीमों को भी अपने इरादों का स्पष्ट संदेश दे दिया। वहीं दक्षिण अफ्रीका को हार के साथ दो रेड कार्ड का भी नुकसान उठाना पड़ा। जिससे आगे का सफर उसके लिए और कठिन हो गया है।
Location : Mexico City
Published : 12 June 2026, 2:53 AM IST