Bangladesh Violence Live: हिंसा की आग में बांग्लादेश, सड़कों पर उतरा जनआक्रोश

बांग्लादेश में छात्र आंदोलन के नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद देशभर में हिंसक प्रदर्शन भड़क उठे हैं। ढाका में अखबारों के दफ्तरों पर हमले हुए और 25 पत्रकारों को रेस्क्यू किया गया। अंतरिम प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने हत्यारों की गिरफ्तारी का वादा किया और एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 19 December 2025, 10:37 AM IST
    The liveblog has ended.

    LIVE NEWS & UPDATES

    • 19 Dec 2025 04:29 PM (IST)

      सिंगापुर सरकार ने नहीं दी जनाजे की नमाज की अनुमति

      सिंगापुर में इलाज के दौरान मृत्यु हो चुके बांग्लादेश के शेख हसीना विरोधी नेता उस्मान हादी की नमाज-ए-जनाजा सिंगापुर में नहीं हो सकेगी। बांग्लादेश उच्चायोग के अनुसार, हादी की पहली जनाजा वहीं पर पढ़ाई जानी थी, लेकिन सिंगापुर सरकार से अनुमति न मिलने के कारण इसे स्थगित करना पड़ा।

    • 19 Dec 2025 03:58 PM (IST)

      बांग्लादेश में हुई हिंसा को लेकर तृणमूल कांग्रेस की प्रतिक्रिया

      तृणमूल कांग्रेस ने बांग्लादेश में हुई हिंसा की कड़ी निंदा की है। पार्टी ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में हमेशा केंद्र सरकार के साथ खड़ी रही है। टीएमसी ने आरोप लगाया कि बीजेपी के कुछ नेताओं द्वारा बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल की स्थिति को जोड़कर बयान देना खतरनाक है। उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से इस मामले में स्पष्टीकरण देने की मांग की है।

    • 19 Dec 2025 03:27 PM (IST)

      भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी

      बांग्लादेश में मौजूदा हालात को देखते हुए भारतीय हाई कमीशन ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें लोगों से घरों में रहने, अनावश्यक आवाजाही और स्थानीय यात्रा से बचने की अपील की गई है। किसी आपात स्थिति में भारतीय नागरिकों को हाई कमीशन या असिस्टेंट हाई कमीशन से संपर्क करने की सलाह दी गई है, साथ ही इमरजेंसी नंबर भी साझा किए गए हैं।

    • 19 Dec 2025 03:16 PM (IST)

      आरोपियों पर होगी सख्त कार्रवाई- मोहम्मद यूनुस

      बांग्लादेश में छात्र नेता उस्मान की मौत के बाद जारी हिंसक प्रदर्शनों के बीच एक हिंदू नागरिक की हत्या के मामले पर मोहम्मद यूनुस ने कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार को उन्होंने इस घटना की तीखी निंदा करते हुए कहा कि “नए बांग्लादेश” में हिंसा अस्वीकार्य है। यूनुस ने स्पष्ट किया कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    • 19 Dec 2025 02:41 PM (IST)

      शेख मुजीबुर रहमान हॉल का नाम बदला

      ढाका विश्वविद्यालय में शेख मुजीबुर रहमान हॉल का नाम बदल दिया गया है। आयोजकों ने इसे अब “शहीद उस्मान हादी हॉल” नाम दिया है और नए नाम के पोस्टर भी लगाए गए हैं। शरीफ उस्मान बिन हादी की मौत के बाद परिसर में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच नेताओं ने आधी रात हॉल के बाहर नाम परिवर्तन का पोस्टर लगाया।

    • 19 Dec 2025 02:27 PM (IST)

      हिंदू व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या की तीखी आलोचना

      बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने मैमनसिंह में एक हिंदू व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या की तीखी आलोचना की है। सरकार ने इस घटना को असहनीय बताते हुए कहा कि यह देश की मूल सोच और मूल्यों के विरुद्ध है। बयान में कहा गया कि “नए बांग्लादेश” में इस तरह की हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है और दोषियों को सख्त सज़ा दी जाएगी।

    • 19 Dec 2025 02:17 PM (IST)

      सिंगापुर में लगी भीड़

      सिंगापुर में दिवंगत शरीफ उस्मान हादी के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में बांग्लादेशी नागरिक एकत्र हुए हैं। उनके शव को देखने के लिए लोग अलग-अलग स्थानों से सिंगापुर पहुंचे।

    • 19 Dec 2025 12:39 PM (IST)

      प्रदर्शनकारियों ने शेख मुजीबुर रहमान के घर पर किया हमला

      धनमंडी के नंबर 32 पर शेख मुजीबुर रहमान के घर, जो पहले से ही आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त था, पर प्रदर्शनकारियों ने हमला किया और बचा हुआ हिस्सा तोड़ दिया। इस दौरान मौके पर प्रधानमंत्री शेख हसीना का पोस्टर भी जला दिया गया।

    • 19 Dec 2025 12:21 PM (IST)

      पत्रकार की गोली मारकर हत्या

      बांग्लादेश के खुलना में पत्रकार इमदादुल हक मिलन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमले में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के समय मिलन बाजार की चाय की दुकान पर बैठे थे। अचानक चार व्यक्ति दो मोटरसाइकिलों पर आए और उन पर गोलियां चला कर फरार हो गए।

    • 19 Dec 2025 11:54 AM (IST)

      पूर्व शिक्षा मंत्री मोहिबुल हसन चौधरी के घर में तोड़फोड़

      चटगांव और राजशाही में विरोध प्रदर्शनों के दौरान आवामी लीग के कार्यालय और पूर्व शिक्षा मंत्री मोहिबुल हसन चौधरी के घर में तोड़फोड़ और आगजनी की गई। भारतीय सहायक उच्चायुक्त के आवास के सामने भी बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जमा हुए और उच्चायोग पर ईंटें फेंकीं।

    • 19 Dec 2025 11:34 AM (IST)

      बांग्लादेश में हिंसा तेज: अवामी लीग दफ्तर में आगजनी

      ढाका ट्रिब्यून के अनुसार, चटगांव में कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हुए। भारतीय सहायक उच्चायुक्त के आवास पर ईंटें फेंकी गईं। पूर्व शिक्षा मंत्री मोहिबुल हसन चौधरी के घर और राजशाही स्थित अवामी लीग दफ्तर में तोड़फोड़ कर आग लगा दी गई।

    • 19 Dec 2025 11:29 AM (IST)

      बांग्लादेश लाया जाएगा उस्मान हादी का शव

      इंकलाब मंच की जानकारी के अनुसार, उस्मान हादी का पार्थिव शरीर शुक्रवार शाम बांग्लादेश लाया जाएगा। परिजन दोपहर 3:50 बजे सिंगापुर से शव के साथ रवाना होंगे और लगभग 6 बजे ढाका पहुंचेंगे। संगठन ने बताया कि हादी का अंतिम संस्कार शनिवार को जोहर की नमाज के बाद ढाका के मानिक मियां एवेन्यू में किया जाएगा।

    • 19 Dec 2025 10:42 AM (IST)

      पूर्व प्रधानमंत्री के बेटे की देश वापसी

      शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में फैली हिंसक अशांति के बीच राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। इसी दौरान पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के पुत्र तारिक रहमान की देश वापसी की तैयारी सामने आई है। आम चुनाव से पहले 25 दिसंबर को उनके बांग्लादेश लौटने की संभावना है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, उन्होंने लंदन स्थित बांग्लादेश उच्चायोग में यात्रा पास के लिए आवेदन किया है।

    • 19 Dec 2025 10:40 AM (IST)

      छायानाट के परिसर में जमकर तोड़फोड़

      इंकलाब मंच के संयोजक शरीफ उस्मान बिन हादी के निधन के बाद ढाका में तनाव फैल गया। आक्रोशित भीड़ ने बंगाली सांस्कृतिक संस्था छायानाट के परिसर में जमकर तोड़फोड़ की और आगजनी की। सामने आए वीडियो में प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए इस प्रतिष्ठित सांस्कृतिक केंद्र को निशाना बनाते दिखे। इस घटना ने बांग्लादेश में कला, संस्कृति और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं।

Dhaka: बांग्लादेश में छात्र आंदोलन के प्रमुख नेता और ‘जुलाई विद्रोह’ के अहम चेहरा शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद हालात तेजी से बिगड़ते नजर आ रहे हैं। 19 दिसंबर को सिंगापुर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान हादी ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर फैलते ही राजधानी ढाका सहित कई शहरों में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए, जिसने हिंसक रूप भी ले लिया।

गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने ढाका में कई प्रमुख अखबारों और समाचार पत्रों के दफ्तरों में तोड़फोड़ की। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि सुरक्षा एजेंसियों को विशेष अभियान चलाकर 25 पत्रकारों को सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा। मीडिया कर्मियों पर हुए हमलों से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि शरीफ उस्मान हादी को पिछले सप्ताह अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। छह दिनों तक जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष करने के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत को आंदोलन को दबाने की साजिश के रूप में देखा जा रहा है। डाइनामाइट न्यूज़ पर पढ़ें पल-पल की अपडेट।

Location : 
  • Dhaka

Published : 
  • 19 December 2025, 10:37 AM IST