
धुरंधर का जापान में हुआ बुरा हाल (Img- X)
Mumbai: भारतीय सिनेमा इतिहास में दुनिया भर में ताबड़तोड़ कमाई के नए कीर्तिमान स्थापित करने वाली रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। भारत और दुनिया के बाकी हिस्सों में बॉक्स ऑफिस पर राज करने वाली यह फिल्म जापान के मार्केट में दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में पूरी तरह नाकामयाब साबित हुई है।
भारी-भरकम प्रमोशन और बड़े स्तर पर रिलीज के बावजूद, जापानी बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की शुरुआत इतनी ठंडी रही है कि ट्रेड एक्सपर्ट्स भी हैरान रह गए हैं।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस हाई-बजट स्पाई एक्शन थ्रिलर फिल्म को जापान भर में लगभग 80 स्क्रीन्स पर बड़े पैमाने पर रिलीज किया गया था। जापानी मार्केट को ध्यान में रखते हुए मेकर्स ने इसका प्रमोशन भी काफी ज़ोर-शोर से किया था।
लेकिन ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले दिन इस फिल्म को देखने के लिए पूरे देश में 900 से भी कम दर्शक थिएटर्स पहुँचे। इसी के साथ, ‘धुरंधर’ जापान में किसी भी बड़ी भारतीय फिल्म के लिए अब तक की सबसे कमजोर ओपनिंग में से एक बन गई है। हैरानी की बात यह है कि यह फिल्म जापान में अपने ओपनिंग डे पर टॉप 25 फिल्मों की सूची में भी जगह नहीं बना पाई।
जापान में फिल्म का यह हश्र इसलिए सबसे ज्यादा चौंकाने वाला है क्योंकि इसकी ग्लोबल परफॉर्मेंस बेहद शानदार रही है। भारत में रिलीज हुई ‘धुरंधर’ और उसके बाद आए इसके सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने मिलकर दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर 3 हजार करोड़ रुपये से भी ज़्यादा का कलेक्शन किया था।
यह मुकाम हासिल करने वाली यह देश की पहली स्पाई थ्रिलर फ्रैंचाइजी बनी थी। इसी ऐतिहासिक कामयाबी को देखते हुए मेकर्स को जापान से भी बड़ी उम्मीदें थीं, जिन पर अब पूरी तरह पानी फिर गया है।
Location : Mumbai
Published : 13 July 2026, 4:02 PM IST