
राधिका आप्टे का नया अवतार (सोर्स- एक्स)
Mumbai: बॉलीवुड और ओटीटी की मंझी हुई अभिनेत्री राधिका आप्टे एक बार फिर चर्चा में हैं। नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई उनकी नई वेब सीरीज 'अक्का' में वह मुख्य भूमिका निभाती नजर आ रही हैं। महिलाओं की ताकत, राजनीति और संघर्ष की पृष्ठभूमि पर बनी इस सीरीज में राधिका ने 'रुद्रा' नाम का एक बेहद खास और मसालेदार किरदार निभाया है।
अपने इस नए सफर के बारे में बात करते हुए राधिका बताती हैं कि यह उनके लिए एक अलग अनुभव था। उन्होंने इससे पहले इस तरह की संवाद अदायगी (डायलॉगबाजी) कभी नहीं की थी। चूंकि उनका किरदार मुंबई से ताल्लुक रखता है, इसलिए उन्हें अपनी हिंदी पर काफी मेहनत करनी पड़ी। शूटिंग के दौरान समय पर डायलॉग मिलने पर तो आसानी होती थी, लेकिन कई बार ऐन वक्त पर मिलने वाले संवादों में इंप्रोवाइजेशन करने में उन्हें थोड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा।
वेब सीरीज की कहानी सत्ता और महिलाओं के इर्द-गिर्द घूमती है। जब राधिका से असल जिंदगी में ताकत के असली अर्थ के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बहुत ही बेबाक अंदाज में जवाब दिया। उनके अनुसार, ताकत का मतलब दूसरों पर रोब जमाना, किसी का शोषण करना या जबरन वसूली करना बिल्कुल नहीं है। असली ताकत अपने अधिकारों को पहचानना, अपने हक के लिए खड़े होना और हर व्यक्ति के साथ बराबरी और सम्मान का व्यवहार करना है।
Bollywood News: धर्मेंद्र की 90वीं सालगिरह बनेगी यादगार, सनी–बॉबी देओल देने वाले हैं बड़ा गिफ्ट
फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं की स्थिति को लेकर राधिका मानती हैं कि अब हालात में सुधार आ रहा है। हालांकि अभी एक लंबा सफर तय करना बाकी है, लेकिन अब महिलाओं को पहले से अधिक अवसर मिल रहे हैं। आज अभिनेत्रियां खुलकर अपनी आवाज उठा रही हैं और उनकी बातों को गंभीरता से सुना भी जा रहा है। यही वजह है कि अब महिला-केंद्रित कहानियों का दायरा भी लगातार बढ़ रहा है।
राधिका आप्टे का बेबाक अंदाज (सोर्स-एक्स)
ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के जरिए कलाकारों को मिल रही पहचान पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि आज के दौर में कुछ वेब शोज इतने बेहतरीन बन रहे हैं कि उन्हें पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा। उन्होंने उदाहरण देते हुए लोकप्रिय वैश्विक सीरीज 'ब्रेकिंग बैड' का जिक्र किया, जिसे दर्शक आज भी भूला नहीं पाए हैं।
Bollywood News: गोविंदा की लग्जरी लाइफस्टाइल; फिल्मों से दूर होकर भी जी रहे शाही जिंदगी, जानें कैसे
सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग और नेटिजन्स की तीखी प्रतिक्रियाओं पर राधिका आप्टे ने बहुत ही स्पष्ट और बेपरवाह रुख अपनाया। उनका कहना है कि वह सोशल मीडिया का ज्यादा इस्तेमाल नहीं करतीं, इसलिए उन्हें इस पर होने वाली हर हलचल की ज्यादा जानकारी नहीं रहती।
ट्रोलर्स को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने दो टूक कहा कि ट्रोलिंग वही लोग करते हैं जिनके पास खाली वक्त होता है। उन्होंने आलोचकों को सीधा जवाब देते हुए कहा कि जो लोग ट्रोल करना चाहते हैं, वे बेशक करें, लेकिन वह ऐसी बेतुकी बातों पर बिल्कुल ध्यान नहीं देतीं। राधिका के अनुसार, सोशल मीडिया पर ट्रोल करने वाले लोग और कुछ नहीं बल्कि कायर होते हैं और उन पर ध्यान देना सिर्फ अपने कीमती समय की बर्बादी है।
Location : Mumbai
Published : 30 October 2026, 2:46 PM IST