Republic Day 2026 पर आर माधवन को पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इमोशनल पोस्ट में एक्टर ने इसे अपने जीवन का सबसे बड़ा सम्मान बताया और भारत सरकार व फैंस का आभार जताया। जानिए क्या कहा माधवन ने।

आर माधवन को मिला पद्मश्री अवॉर्ड (Img Source: Insta/actormaddy)
Mumbai: इस साल गणतंत्र दिवस 2026 के मौके पर भारत सरकार ने फिल्म जगत के जाने-माने अभिनेता आर माधवन को पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित किया है। 25 जनवरी की रात को घोषित किए गए पद्म पुरस्कार विजेताओं की सूची में आर माधवन का नाम शामिल होते ही उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री में खुशी की लहर दौड़ गई। पद्मश्री मिलने के बाद एक्टर ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी भावनाएं साझा कीं और इसे अपने जीवन का सबसे बड़ा सम्मान बताया।
आर माधवन ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए भारत सरकार, अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि उनके पूरे परिवार और उन सभी लोगों का है जिन्होंने उनके सफर में उनका साथ दिया।
पद्मश्री अवॉर्ड मिलने के बाद आर माधवन ने एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा, “आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। मैं गहरे आभार और विनम्रता के साथ पद्मश्री सम्मान स्वीकार करता हूं। यह सम्मान मेरे सबसे बड़े सपनों से भी परे है और मैं इसे अपने पूरे परिवार की ओर से स्वीकार करता हूं, जिनका लगातार समर्थन और विश्वास मेरी सबसे बड़ी ताकत रहा है।”
एक्टर ने आगे लिखा कि यह पहचान उन्हें अपने गुरुओं के आशीर्वाद, शुभचिंतकों की दुआओं, जनता के प्यार और भगवान की कृपा से मिली है। उन्होंने माना कि इन सभी ने उनकी यात्रा को दिशा देने और इस मुकाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
आर माधवन ने अपने संदेश में यह भी कहा कि वह इस सम्मान को सिर्फ एक अवॉर्ड नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी मानते हैं। उन्होंने लिखा, “मैं वादा करता हूं कि इस सम्मान को गरिमा, ईमानदारी और उन मूल्यों के प्रति गहरे समर्पण के साथ निभाऊंगा, जिनका यह प्रतिनिधित्व करता है। मेरा दिल इस असाधारण समर्थन और मान्यता के लिए कृतज्ञता से भरा है।”
Bollywood: निर्देशक विकास बहल की अगली फिल्म में नजर आएंगे अभिनेता आर. माधवन
एक्टर ने फैंस को भरोसा दिलाया कि वह आने वाले वर्षों में भी ईमानदारी, विनम्रता और समर्पण के साथ अपने काम और समाज की सेवा करते रहेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह सभी शुभकामना संदेशों से अभिभूत हैं और जल्द ही सबको व्यक्तिगत रूप से जवाब देने की कोशिश करेंगे।
आर माधवन की इस उपलब्धि पर उनकी पत्नी सरिता बिरजे ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर खुशी जाहिर की। उन्होंने अपने पति पर गर्व जताते हुए लिखा कि यह सम्मान उनकी मेहनत, सादगी और ईमानदारी का नतीजा है। फैंस भी लगातार एक्टर को बधाइयां दे रहे हैं।
आर माधवन हिंदी, तमिल और अन्य भाषाओं की फिल्मों में अपने दमदार अभिनय के लिए जाने जाते हैं। ‘रहना है तेरे दिल में’, ‘3 इडियट्स’, ‘तनु वेड्स मनु’, ‘विक्रम वेधा’ जैसी फिल्मों से उन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। अभिनय के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों पर उनकी सोच और योगदान भी उन्हें खास बनाता है। पद्मश्री सम्मान के साथ आर माधवन का नाम अब उन हस्तियों में शामिल हो गया है जिन्होंने कला और समाज के क्षेत्र में देश का गौरव बढ़ाया है।