

भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। पत्नी ज्योति सिंह के आरोपों पर अब पवन सिंह ने इंस्टाग्राम पर चुप्पी तोड़ते हुए सफाई दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस पहले से मौजूद थी और ज्योति चुनाव लड़ने की मांग कर रही थी।
पावरस्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह
Lucknow: भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार पवन सिंह एक बार फिर से अपने निजी जीवन को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। इस बार मामला उनकी पत्नी ज्योति सिंह से जुड़ा है, जो हाल ही में पवन सिंह के घर पहुंचीं थी और वहां जमकर हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ। ज्योति सिंह ने पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें धमकाया गया और पुलिस बुलाकर बेइज्जत किया गया। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से जनता से न्याय की गुहार लगाई। वहीं अब इस मामले पर पवन सिंह ने चुप्पी तोड़ते हुए अपनी सफाई पेश की है।
पवन सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि वे जनता को भगवान मानते हैं और कभी ऐसा कोई कदम नहीं उठाएंगे जिससे उनके चाहनेवालों को ठेस पहुंचे। उन्होंने साफ किया कि उन्होंने ज्योति सिंह को अपने घर पर ससम्मान बुलाया और करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत हुई।
भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह की पर्सनल लाइफ में भूचाल, बीवी ने दी धमकी, जानें क्यों
पवन सिंह ने लिखा, “ज्योति सिंह जी, आप मेरे सोसाइटी में आईं तो मैंने आपको ससम्मान अपने घर पर बुलाया। हमने करीब 1:30 घंटे तक बातचीत की। आप बार-बार यही कह रही थीं कि आपको चुनाव लड़वा दूं, जो कि मेरे हाथ में नहीं है। जहां तक पुलिस की बात है, वह पहले से मौजूद थी ताकि किसी प्रकार की अनहोनी ना हो, क्योंकि आप अपने साथ कई लोगों को लेकर आई थीं।”
ज्योति सिंह का आरोप है कि पवन सिंह ने पुलिस बुलाकर उन्हें डराने की कोशिश की और उनकी बेइज्जती की गई। उन्होंने जनता से न्याय की अपील की और कहा कि वह अब और चुप नहीं रहेंगी। उनका कहना है कि उन्हें पवन सिंह ने धोखा दिया है और अब वह अपने हक की लड़ाई खुद लड़ेंगी।
आपको बता दें कि पवन सिंह की निजी जिंदगी पहले भी विवादों में रही है। उनकी पहली शादी 2014 में नीलम सिंह से हुई थी, जिन्होंने एक साल बाद आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद 2018 में उन्होंने ज्योति सिंह से शादी की। शुरू में दोनों का रिश्ता ठीक चला, लेकिन फिर आपसी मतभेदों के कारण दूरी बढ़ती गई। इससे पहले पवन सिंह का नाम भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के साथ भी जुड़ा था। दोनों का रिश्ता लंबे समय तक चला लेकिन पारिवारिक कारणों से उनका रिश्ता टूट गया।
इस विवाद के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस भी दो हिस्सों में बंट गए हैं। कुछ लोग पवन सिंह का समर्थन कर रहे हैं तो कुछ ज्योति सिंह के आरोपों को गंभीरता से ले रहे हैं। फिलहाल दोनों की ओर से खुलकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। अब देखना होगा कि यह विवाद किस दिशा में आगे बढ़ता है और क्या कोई कानूनी कार्रवाई होती है या नहीं।