
लोकप्रिय रागिनी गायक पेप्सी शर्मा का निधन (Img: Google)
Ghaziabad: हरियाणवी लोक कलाकार और लोकप्रिय रागिनी गायक पेप्सी शर्मा का 38 वर्ष की उम्र में हार्ट अटैक से निधन हो गया। गाजियाबाद के निवाड़ी क्षेत्र के पतला गांव निवासी पेप्सी शर्मा ने कम उम्र में ही रागिनी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके निधन से हरियाणवी लोक कला और संगीत जगत में शोक की लहर है।
हरियाणवी लोक संगीत और रागिनी जगत के लोकप्रिय कलाकार पेप्सी शर्मा का रविवार को हार्ट अटैक के कारण निधन हो गया। वह महज 38 वर्ष के थे। सीने में अचानक तेज दर्द उठने के बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गाजियाबाद के निवाड़ी क्षेत्र के पतला गांव निवासी पेप्सी शर्मा का असली नाम यशपाल शर्मा था। उन्होंने बेहद कम उम्र में ही रागिनी गायन शुरू कर दिया था और धीरे-धीरे हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में अपनी अलग पहचान बना ली।
‘है जवानी तो इश्क होना है’… वरुण धवन की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट या फ्लॉप?
पेप्सी शर्मा केवल एक रागिनी गायक ही नहीं थे, बल्कि अपने मजाकिया अंदाज और शानदार कॉमिक टाइमिंग के लिए भी जाने जाते थे। रागिनी कार्यक्रमों के दौरान वे दर्शकों को हंसाने और बांधे रखने की खास कला रखते थे। यही वजह थी कि उनके कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते थे और घंटों तक उनकी प्रस्तुति का आनंद लेते थे।
पेप्सी शर्मा ने हरियाणवी मंच की चर्चित कलाकार सपना चौधरी (Sapna Choudhary) के साथ भी कई कार्यक्रमों में प्रस्तुति दी थी। एक चर्चित कार्यक्रम में उनके नागिन डांस ने खूब सुर्खियां बटोरी थी। बताया जाता है कि इस प्रस्तुति का वीडियो बाद में रिलीज किया गया, जिसे करोड़ों बार देखा गया। इसी कार्यक्रम के बाद उनकी लोकप्रियता में और अधिक इजाफा हुआ।
क्या आप भी आम गलत तरीके से स्टोर कर रहे हैं? जानिए सही तरीका
परिजनों के अनुसार, यशपाल शर्मा ने मात्र 12 वर्ष की उम्र में रागिनी गायन शुरू कर दिया था। उन्होंने कई नामी लोक कलाकारों के साथ मंच साझा किया और वर्षों तक रागिनी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। समय के साथ उनकी मांग इतनी बढ़ी कि वे एक कार्यक्रम के लिए लाखों रुपये तक लेने लगे। शुरुआत में जहां उन्हें 10 से 20 हजार रुपये प्रति कार्यक्रम मिलते थे, वहीं बाद के वर्षों में उनकी फीस ढाई से तीन लाख रुपये तक पहुंच गई थी।
पेप्सी शर्मा अपने पीछे पत्नी, 10 वर्षीय बेटी और 7 वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं। उनके पिता ज्ञानचंद शर्मा किसान हैं, जबकि मां माया देवी गृहिणी हैं। सोमवार को उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक, साथी कलाकार और शुभचिंतक पहुंचे। सभी ने अपने प्रिय कलाकार को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
Location : Ghaziabad
Published : 8 June 2026, 4:17 PM IST