
विवाहित महिलाओं की मौतों पर कंगना रनौत का फूटा गुस्सा (Img- Internet)
Mumbai: बॉलीवुड अभिनेत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सांसद कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील संदेश साझा किया है। कंगना ने अपने नोट में भारतीय समाज में विवाहित महिलाओं की असुरक्षा और उन पर होने वाले अत्याचारों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। उनका यह बयान ग्रेटर नोएडा और भोपाल में हाल ही में सामने आए दो बेहद दुखद और दिल दहला देने वाले मामलों के मद्देनजर आया है।
इन दोनों ही मामलों में मृतका के परिवारों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर मानसिक उत्पीड़न, दुर्व्यवहार और दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। कंगना ने इन त्रासदियों से सबक लेते हुए लड़कियों को शादी के जाल में फंसने से पहले आत्मनिर्भर बनने की सख्त हिदायत दी है।
दरअसल पिछले कुछ दिनों में देश के दो अलग-अलग हिस्सों से ऐसी खबरें आईं जिन्होंने सार्वजनिक बहस छेड़ दी है। पहले मामले में मूल रूप से नोएडा की रहने वाली 31 वर्षीय एक गर्भवती महिला भोपाल स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी हुई पाई गई। मृतका के मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे गंभीर मानसिक और भावनात्मक तनाव दिया जा रहा था।
वहीं ग्रेटर नोएडा में सामने आई दूसरी घटना में, एक 24 वर्षीय नवविवाहिता ने कथित तौर पर अपने घर की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। उसके परिवार का आरोप है कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद ससुराल वाले लगातार दहेज के लिए उसका उत्पीड़न कर रहे थे।
मानहानि विवाद में कंगना रनौत की पेशी पर आज बड़ा फैसला, कोर्ट करेगी सुरक्षा और बहस पर निर्णय
इन दोनों घटनाओं पर अपना रोष व्यक्त करते हुए कंगना रनौत ने लिखा, "हर दिन शादीशुदा औरतों से जुड़ी ऐसी दुखद और भयावह खबरें सामने आती हैं। इनमें से कई लड़कियां तो पढ़ी-लिखी होती हैं, जो कोई बड़ी त्रासदी होने से पहले ही अपने माता-पिता से उस घुटन भरी जिंदगी से बाहर निकालने की गुहार लगाती हैं। लेकिन बेहद अफसोस की बात है कि हमारे भारतीय समाज में बेटियों की शादी हो जाने के बाद उन्हें उनके हाल पर अकेला छोड़ दिया जाता है।" कंगना ने समाज की इस रूढ़िवादी सोच पर गहरा प्रहार किया है।
कंगना ने सोशल मीडिया की चकाचौंध से दूर लड़कियों को कड़वी हकीकत का सामना करने की सलाह दी है। उन्होंने लिखा, "मेरी यह सलाह उन सभी लड़कियों के लिए है, जो सोशल मीडिया, फैशन, डेटिंग या मेकअप इंडस्ट्री आपको कभी नहीं बताएगी। आपका करियर आपके जीवन में किसी भी पुरुष या रिश्ते से कहीं अधिक जरूरी है। शादी के बारे में केवल और केवल तभी सोचें जब आप पूरी तरह आत्मनिर्भर (फाइनेंशियली इंडिपेंडेंट) हो जाएं।"
उन्होंने आगे लिखा कि आपको अपनी हीरो खुद बनना होगा क्योंकि मुश्किल वक्त में कोई आपको बचाने नहीं आएगा। आप खुद क्या हैं, यह इस बात से ज्यादा मायने रखता है कि आपकी शादी किससे हुई है।
Kangana Ranaut: किसानों के अपमान मामले में कंगना रनौत को झटका, इस दिन होगी अगली सुनवाई
अगर इन दोनों मामलों की गहराई में जाएं, तो पुलिस के मुताबिक, भोपाल में मृत पाई गई ट्विशा शर्मा लगभग दो महीने की प्रेग्नेंट थीं। उनकी शादी एक साल पहले भोपाल के रसूखदार परिवार के वकील समर्थ शर्मा से हुई थी, जिनके माता-पिता पूर्व न्यायिक अधिकारी और रिटायर्ड जज हैं। ट्विशा के भाई, जो भारतीय सेना में मेजर हैं, उन्होंने बताया कि मौत से ठीक पहले ट्विशा ने फोन पर अपने ऊपर पड़ रहे मानसिक दबाव का जिक्र किया था।
वहीं दूसरी तरफ, ग्रेटर नोएडा की दीपिका नागर की शादी को महज डेढ़ महीना हुआ था। जलपुरा के ऋतिक से हुई इस शादी में दीपिका के परिवार ने 1 करोड़ रुपये खर्च किए थे, इसके बावजूद लगातार हो रही मारपीट और दहेज के दबाव से तंग आकर दीपिका ने अपनी जान दे दी। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
Location : Mumbai
Published : 20 May 2026, 10:25 AM IST