
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और जया बच्चन (सोर्स-Pinterest)
Mumbai: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन आज भले ही करोड़ों के मालिक हैं और बेहद आलीशान जिंदगी जीते हैं, लेकिन उनके जीवन में एक ऐसा दौर भी आया था जब उन्हें गंभीर आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा था। 1990 के दशक में अमिताभ बच्चन की कंपनी 'एबीसीएल' (ABCL) भारी घाटे और दिवालियापन के दौर से गुजर रही थी। इस मुश्किल वक्त से जुड़े कई अनछुए पहलू अब सामने आए हैं।
1990 के दशक के बेहद लोकप्रिय सिटकॉम 'देख भाई देख' में सुनीता दीवान का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री भावना बलसावर ने एक इंटरव्यू में इस दौर को याद किया है। उन्होंने बताया कि उस वक्त जब बच्चन परिवार वित्तीय संकट से जूझ रहा था, तब एक निर्माता के तौर पर जया बच्चन ने इस पूरी स्थिति को बेहद पेशेवर तरीके से संभाला। उन्होंने इस आर्थिक तंगी का असर शो के कलाकारों और क्रू मेंबर्स पर बिल्कुल भी नहीं पड़ने दिया।
भावना बलसावर के मुताबिक, उस दौर में सेट पर काम करने वाले कलाकारों को किसी भी प्रकार के दबाव या परेशानी का अहसास तक नहीं होने दिया गया। उन्होंने बताया कि शो का पैमाना, भव्य सेट, मल्टी-कैमरा सेटअप और दो मंजिलों वाला शानदार ढांचा इस बात की गवाही देता है कि काम के प्रति उनकी प्रतिबद्धता कितनी गहरी थी। कलाकारों को भले ही बाहर से आर्थिक मुश्किलों की खबरें सुनने को मिलती थीं, लेकिन जया बच्चन जब सेट पर आती थीं, तो वह सबके साथ हंसती-बोलती थीं और माहौल को खुशनुमा रखती थीं।
अमिताभ बच्चन (सोर्स-Pinterest)
अभिनेत्री ने यह भी दावा किया कि आमतौर पर वित्तीय संकट में फंसे निर्माता शो से मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल अपने अन्य पुराने कर्ज चुकाने में करने लगते हैं, लेकिन जया और अमिताभ बच्चन ने ऐसा नहीं किया। शो से मिलने वाले पैसों और डीडी मेट्रो से मिलने वाले भुगतान को उन्होंने शो में ही लगाया, क्योंकि वह शो हिट था और उससे लगातार पैसा आ रहा था। हालात चाहे जैसे भी रहे हों, उन्होंने अपनी व्यक्तिगत वित्तीय परेशानियों को कभी भी कला और अभिनय के बीच नहीं आने दिया।
Location : Mumbai
Published : 4 November 2026, 11:28 AM IST