आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीपफेक के बढ़ते खतरे के बीच एक्टर और बिजनेसमैन विवेक ओबेरॉय ने अपनी पहचान और पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। फेक अकाउंट्स और AI जनरेटेड कंटेंट के गलत इस्तेमाल को लेकर उन्होंने कई लोगों और कंपनियों पर केस किया है।

विवेक ओबेरॉय
New Delhi: डिजिटल दौर में अब अपराध सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि मोबाइल स्क्रीन और सोशल मीडिया तक पहुंच चुके हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीपफेक तकनीक के जरिए सेलेब्रिटीज की पहचान से खुलेआम खिलवाड़ हो रहा है। इसी खतरे को देखते हुए अब एक्टर और बिजनेसमैन विवेक ओबेरॉय ने दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी इजाजत के बिना उनके नाम, चेहरे, आवाज और पहचान का इस्तेमाल कर फर्जी कंटेंट तैयार किया जा रहा है।
पर्सनैलिटी राइट्स की लंबी लिस्ट में नया नाम
विवेक ओबेरॉय से पहले सलमान खान, ऐश्वर्या राय बच्चन, अभिषेक बच्चन, अमिताभ बच्चन, अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ जैसे बड़े सितारे भी अपनी पर्सनैलिटी राइट्स को सुरक्षित कराने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट पहुंच चुके हैं। अब इस लिस्ट में विवेक ओबेरॉय का नाम भी जुड़ गया है, जिसने एक बार फिर AI के खतरों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फेक अकाउंट्स और डीपफेक का आरोप
लिव लॉ.इन की रिपोर्ट के मुताबिक, विवेक ओबेरॉय ने 4 फरवरी 2026 को दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की। याचिका में कहा गया है कि कई फेक सोशल मीडिया अकाउंट्स, मर्चेंडाइज प्लेटफॉर्म्स और AI जनरेटेड कंटेंट के जरिए उनकी पहचान का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। इसमें डीपफेक वीडियो भी शामिल हैं, जो न सिर्फ उनकी छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं बल्कि लोगों को गुमराह भी कर रहे हैं।
किन-किन पर किया केस
विवेक ओबेरॉय ने कलेक्टर बाजार, जूम मंत्रा, इंडिया कंटेंट और ORS के अलावा जॉन डो डिफेंडेंट्स यानी अज्ञात लोगों और कंपनियों के खिलाफ भी केस दायर किया है। यह याचिका उनकी वकील सना रईस खान और प्रणय चिटाले के जरिए दाखिल की गई है।
हाई कोर्ट का सख्त रुख
दिल्ली हाई कोर्ट के जस्टिस ने गुरुवार को कहा कि वह विवेक ओबेरॉय के पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा को लेकर आदेश जारी करेंगे। कोर्ट का साफ कहना है कि बिना अनुमति कोई भी उनके नाम, फोटो, आवाज या पहचान का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
AI और डीपफेक का खतरा सिर्फ विवेक ओबेरॉय तक सीमित नहीं है। कटरीना कैफ के टाइगर 3 के एक सीन को मॉर्फ कर आपत्तिजनक तरीके से वायरल किया गया था। काजोल का भी एक फर्जी वीडियो सामने आया था। सलमान खान, शाहरुख खान, आलिया भट्ट जैसे कई बड़े सितारे भी AI से जनरेटेड फेक कंटेंट का शिकार हो चुके हैं।