
श्रीलंका में जेल कांड (Img: Canva)
Negombo: श्रीलंका के नेगोम्बो शहर की एक जेल में कैदियों के दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प ने बड़ा हादसा पैदा कर दिया। इस घटना में चार जेल सुरक्षाकर्मियों समेत 25 कैदियों की जान चली गई, जबकि 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जेल के अंदर बंद दो प्रतिद्वंद्वी ड्रग गिरोहों के बीच रविवार रात विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला हिंसक टकराव में बदल गया और पूरी जेल में अफरा-तफरी मच गई। हालात पर काबू पाने के लिए सुरक्षाकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था।
श्रीलंकाई खिलाड़ियों से भिड़े वैभव सूर्यवंशी, बीच-बचाव करने उतरे सभी खिलाड़ी
घटना के बाद घायल कैदियों और सुरक्षाकर्मियों को तुरंत नेगोम्बो के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, अब तक कई शव अस्पताल लाए जा चुके हैं, जबकि 100 से ज्यादा घायल इलाज करा रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि कई लोगों को गोली लगी है, जबकि कुछ के शरीर पर धारदार हथियारों से किए गए हमलों के गंभीर निशान हैं।
घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और वहां की भीड़भाड़ पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। रिपोर्टों के अनुसार, नेगोम्बो जेल में उसकी निर्धारित क्षमता से कहीं ज्यादा कैदी रखे गए हैं। बताया जा रहा है कि यह पिछले पांच वर्षों में श्रीलंका की किसी जेल में हुई सबसे बड़ी और सबसे घातक हिंसक घटना है। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और जेल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
Location : Negombo
Published : 6 July 2026, 3:36 PM IST