
प्रतीकात्मक छवि (सोर्स- AI)
Sonipat/Meerut: हरियाणा के सोनीपत में एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी एक 26 वर्षीय युवक विशाल की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस वारदात की सबसे खौफनाक बात यह रही कि जब कातिल विशाल पर जानलेवा हमला कर रहे थे, तब उन्होंने उसके बेबस पिता को फोन मिलाया। पिता के कानों में एक तरफ हत्यारों की यह धमकी गूंज रही थी कि 'तुम्हारे बेटे को खत्म कर दिया है, इसकी लाश उठाकर ले जाओ', तो दूसरी तरफ उनका लाडला तड़पते हुए अपनी जान की भीख मांग रहा था।
मूल रूप से मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव खंदावली निवासी विशाल (26) पिछले चार साल से सोनीपत के राई इलाके में स्थित एक बेसन कंपनी में नौकरी करता था। वह सोनीपत के ही गांव जठेड़ी में किराए पर कमरा लेकर रह रहा था। उसी के पड़ोस में ओमवीर नाम का व्यक्ति भी सपरिवार किराए पर रहता था। दोनों परिवारों के बीच अच्छे संबंध थे और एक-दूसरे के घर आना-जाना भी था।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, मार्च महीने से ओमवीर को शक हो गया था कि उसकी पत्नी और विशाल के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा है। इसी शक के चलते ओमवीर ने पहले विशाल के पिता को फोन कर उसे समझाने की चेतावनी दी थी और साफ कहा था कि यदि वह नहीं सुधरा, तो वह विशाल को जान से मार डालेगा।
शनिवार की रात करीब 8:00 बजे विशाल के पिता शिव कुमार के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। फोन उठाने पर दूसरी तरफ से अनुज उर्फ तनुज बोल रहा था। शिव कुमार ने बताया कि फोन पर उन्हें अपने बेटे विशाल की दर्दनाक चीखें सुनाई दे रही थीं। वह मदद के लिए चिल्ला रहा था। इसी दौरान हत्यारोपी ने बेहद क्रूरता से कहा, "हम तेरे बेटे की हत्या कर रहे हैं, इसे खत्म कर दिया है, आकर इसकी डेड बॉडी उठाकर ले जाना।"
हत्यारों ने फोन पर पूरी वारदात को लाइव सुनाया। दिल्ली से सटे सोनीपत में बेटा दम तोड़ रहा था और मेरठ में बैठा पूरा परिवार बेबसी के आंसू रो रहा था, वे चाहकर भी अपने बच्चे को तड़पने से बचा नहीं सके।
इस खूनी खेल के बाद एक चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब मुख्य आरोपी तनुज के पिता ओमवीर ने खुद राई थाने पहुंचकर पुलिस को वारदात की जानकारी दी। ओमवीर ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे तनुज ने विशाल की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी है और उसका शव खेत में पड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही राई थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंची। पुलिस ने मैक्स हाइट मेट्रो व्यू के सामने, जठेड़ी-राठधाना रोड स्थित एक खेत से विशाल का खून से लथपथ शव बरामद किया।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) टीम के प्रभारी डॉ. रवि ने अपनी टीम के साथ घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया। टीम ने मौके से सबूत जुटाए, जिसमें घटनास्थल की खून से सनी मिट्टी और शव से कुछ ही दूरी पर फेंके गए दो बांस के डंडे शामिल हैं, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने पीड़ित पिता शिव कुमार की तहरीर पर मुख्य आरोपी तनुज उर्फ अनुज और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।
विशाल की मौत की खबर मिलते ही खंदावली गांव में मातम पसर गया। मां कमल और दो बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वे पूरी तरह बदहवास हो चुकी हैं। पिता शिव कुमार ने रोते हुए बताया कि परिवार बेहद गरीब है और पालन-पोषण के लिए वह खुद भी मजदूरी करते हैं। बड़ा बेटा अतुल नोएडा में नौकरी करता है। परिवार की पूरी जिम्मेदारी दोनों बेटों पर ही थी।
अभी कुछ दिन पहले ही विशाल के चचेरे भाई की मौत हुई थी, जिसके चलते वह घर आया था। माता-पिता दोनों बेटों की शादी की तैयारियां कर रहे थे, लेकिन सेहरा सजने से पहले ही घर में बेटे का कफन आ गया। सोनीपत से पोस्टमार्टम के बाद जब विशाल का शव गांव पहुंचा, तो देर शाम गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इंस्पेक्टर यशबीर, थाना प्रभारी राई, सोनीपत ने बताया कि- "गांव जठेड़ी के खेत में युवक की पीट-पीटकर हत्या की गई है। पीड़ित पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है, जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे।"
Location : Sonipat/Meerut
Published : 29 June 2026, 9:37 AM IST
Topics : Jatheri Murder Update Live Call Murder Sonipat Crime News Sonipat Police Vishal Murder Case