हिंदी
मैनपुरी में प्रसव के लिए भटकती रही पीड़ित महिला (Img: Dynamite News)
Mainpuri: सरकारी अस्पताल में गर्भवती महिला को प्रसव के दौरान इलाज नहीं मिलने और उसके परिजनों के साथ अभद्रता किए जाने का मामला सामने आया है। कुरावली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की नर्सों और स्टाफ पर डिलीवरी के नाम पर 5 हजार रुपये मांगने, गाली-गलौज करने और धक्के देकर बाहर निकालने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जो शुक्रवार को सामने आया। पीड़िता ने मामले में थाना कुरावली में तहरीर देकर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कुरावली के वेदन टोला निवासी सुमन पत्नी स्वर्गीय जगदीश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी गर्भवती बेटी शिवानी को प्रसव पीड़ा होने पर CHC कुरावली लेकर पहुंची थीं। आरोप है कि उस समय मौजूद नर्स इंदु ने यह कहकर वापस भेज दिया कि अभी बच्चे के जन्म का समय नहीं हुआ है। इसके बाद घर पर बेटी की हालत फिर बिगड़ गई।
यह भी पढ़ें - Crime in Mainpuri: प्रेमजाल में फंसाकर युवती से दुष्कर्म; बाद में अश्लील वीडियो से ब्लैकमेलिंग
सुमन के मुताबिक, 6 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे वह दोबारा बेटी को लेकर CHC पहुंचीं। आरोप है कि वहां मौजूद नर्स इंदु, गुड़िया और विनीता ने प्रसव कराने के नाम पर 5 हजार रुपये मांगे। महिला ने खुद को गरीब बताते हुए रुपये देने में असमर्थता जताई तो कथित तौर पर कर्मचारियों ने कहा कि यह पैसा अधीक्षक के पास जाता है।
पीड़िता का आरोप है कि रुपये देने से इनकार करने पर कर्मचारियों ने उनकी बेटी को अस्पताल के गेट से बाहर निकाल दिया। विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और मारपीट करने की धमकी दी गई। महिला का दावा है कि पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो शुक्रवार को सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया।
यह भी पढ़ें - Mainpuri News: दिनदहाड़े महिला के गले से सोने की चेन झपटी, CCTV में कैद हुई वारदात; बाइक सवार फरार
सुमन के अनुसार, बेटी प्रसव पीड़ा से कराह रही थी और अस्पताल में उसकी देखभाल नहीं की जा रही थी। ऐसे में उन्होंने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बेटी को प्रसव के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज पर काफी रुपये खर्च हुए। पीड़िता ने थाना कुरावली में तहरीर देकर संबंधित नर्सों और स्टाफ के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
Location : Mainpuri
Published : 9 October 2026, 3:38 PM IST