
गोरखपुर में मामूली विवाद बना जानलेवा (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र में मोबाइल रिपेयर की दुकान पर सिम और मोबाइल पिन को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दुकानदार और उसके साथियों ने एक चालक को बेरहमी से पीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। मामले में पुलिस ने दो नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, बलवा, मारपीट और जान से मारने की धमकी सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, संतकबीरनगर जिले के थाना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के मंझरिया निवासी लाल बहादुर सिंह पुत्र राम नारायण सिंह गीडा सेक्टर-15 स्थित इंडियन गैस प्लांट में चालक के पद पर कार्यरत हैं। बताया गया कि 3 जुलाई को उनके मोबाइल का पिन खराब हो गया था। इसे ठीक कराने के लिए वह पिपरौली स्थित एक मोबाइल रिपेयर की दुकान पर पहुंचे।
पीड़ित का आरोप है कि मोबाइल ठीक होने के बाद जब उन्होंने अपना सिम कार्ड और मोबाइल का पिन वापस मांगा, तो दुकानदार ने उसे देने से इनकार कर दिया। इस बात का विरोध करने पर दुकानदार ने अपने कुछ साथियों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर लाल बहादुर सिंह के साथ जमकर मारपीट की। आरोप है कि उन्हें तब तक पीटा गया, जब तक वह बेहोश होकर जमीन पर नहीं गिर पड़े।
Gorakhpur News: सरयू नदी में पलटी मोटर बोट, 5 यात्री नदी में गिरे, लाइफ जैकेट से टला बड़ा हादसा
घटना के बाद घायल चालक ने पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी रवि कन्नौजिया, अवनीश यादव तथा तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, बलवा, मारपीट और जान से मारने की धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में इस मामले की काफी चर्चा है और लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 4 July 2026, 6:01 PM IST