
जमीन विवाद में खूनी खेल की कोशिश (Img: Dynamite News)
Budaun: बदायूं के थाना इस्लामनगर क्षेत्र के गांव चंदोई में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति के साथ मारपीट और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने पहले उसकी फसल भी नष्ट की थी और अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस जांच में जुट गई है।
पीड़ित ज्ञानी राम अवतार पुत्र निवासी ग्राम चंदोई ने प्रभारी निरीक्षक को दी तहरीर में बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे वह अपने खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान गांव के ही रज्जू पुत्र जाति धानगर और देवधर पुत्र वहां पहुंच गए।
आरोप है कि दोनों ने बिना किसी बात के गाली-गलौज शुरू कर दी। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया तो दोनों ने लात-घूसों से हमला कर दिया और डंडे से मारने का प्रयास किया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने पीड़ित को जातिसूचक शब्दों से भी अपमानित किया।
पीड़ित ने तहरीर में यह भी लिखा है कि कुछ दिन पहले भी इन्हीं लोगों ने उसके खेत में खड़ी धान की फसल में दवाई डाल दी थी, जिससे पौधे जल गए थे। उस समय उसने किसी से शिकायत नहीं की थी। पीड़ित का कहना है कि मारपीट के दौरान उसे चोटें आई हैं। जाते-जाते आरोपियों ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
धमकी से डरे-सहमे पीड़ित ने मामले की शिकायत थाने में की है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थाना इस्लामनगर प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
Location : Badaun
Published : 6 July 2026, 12:00 PM IST
Topics : Badaun News Islamnagar police UP News UP Police